जीतने का ‘दावा’ और जमीनी ‘हकीकत’
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया विधानसभावार 2 से 3 हजार लोगों के पार्टी में शामिल होने का दावा
- भाजपा और कांग्रेस जीतने के ‘जुगाड़’ के लिए अभी से ‘हथकंडे’ अपनाने लगी
- भाजपा की राहों में कांटें बिछा रही है कांग्रेस, भाजपा की माने जनता का है पार्टी पर विश्वास
देहरादून। 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टियों ने अभी से कमर कस ली है। भाजपा और कांग्रेस जीत के ‘जुगाड़’ के लिए अभी से ‘हथकंडे’ अपनाने लगी है, जबकि विधानसभा चुनाव की तारीख अभी पक्की नहीं हुई है। ऐसे में अभी से तैयारी का मतलब पार्टियों के लिए जीतने का ‘दावा’ और जमीनी ‘हकीकत’ क्या है, दोनों दलों को पता है।
विधानसभा चुनाव में अपनी मजबूत पकड़ बनाने के लिए भाजपा और कांग्रेस अभी से गुणा-भाग के गणित में लग गई है। पार्टियों में तोड़फोड़ और अपना दावा मजबूत करने के लिए दोनों दलों की सक्रियता लंबे समय से दिख रही है। कांग्रेस जहां भाजपा की राहों में कांटे बिछाने में लगी है और सरकार के कामों से जनता त्रस्त है का प्रचार कर रही है। वहीं भाजपा सरकार और संगठन की सक्रियता से जनता का झुकाव भाजपा की ओर होने का दावा कर रही है। यहां तक कि भाजपा का दावा है कि सरकार और संगठन से जुड़ने के लिए लोग लाइन लगाए हुए है।
बता दें कि कांग्रेस पिछले लंबे समय से प्रदेश में अराजकता, घोटाले, मातृशक्ति पर अत्याचार, अपमान, सरकार का युवाओं से छलावा से लेकर गांव, शहर और महानगरों की समस्याओं को लेकर सड़क से लेकर सदन तक हो-हल्ला किए हुए है। इससे जहां भाजपा असहज है वहीं सरकार भी परेशान है। भाजपा को बिना मतलब के कई मामलों में सरकार का पक्ष रखने के लिए मैदान में उतरना पड़ रहा है। इसके बाद भी कांग्रेस का आक्रामक रूख कमजोर नहीं हो पा रहा है। शायद विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने कड़ा रूख अपना रखा है।
खैर छोड़िये, भाजपा हो या कांग्रेस प्रदेश में अगली सरकार जिसकी भी बने जनता को उसकी समस्याओं से छुटकारा मिलना चाहिए। राज्य बने इतने साल हो गए, लेकिन आमजन आज भी राज्य गठन की अवधारणा को याद कर सिहर उठता है। क्योंकि राज्य के पहाड़ों में विकास की किरण तो पहुंची, लेकिन विकास नहीं पहुंच पाया और पहाड़वासी आज भी खुद को ठगा महसूस करते है।
भाजपा से जुड़ने के लिए उमड़ रहा लोगों का सैलाब : महेंद्र
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कुमायूं से गढ़वाल मंडल तक हमारी सरकार और संगठन से प्रभावित होकर सभी दलों से सैलाब हमसे जुड़ रहा है, जिसे देखते हुए पार्टी ने तय किया है कि विधायकों की महत्वपूर्ण भूमिका में विधानसभावार 2 से 3 हजार लोगों की ज्वांइन करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रदेश के सभी छोटे-बड़े दलों के नेताओं के बाद आज बड़ी संख्या में मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ता भाजपा संगठन से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाना चाहते हैं।
अन्य दलों के सैकड़ों लोगों ने थामा भाजपा का दामन
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान के अनुसार सरकार और पार्टी से जुड़ने के लिए कई दलों के लोग प्रतिदिन आ रहे है। पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राजपुर रोड विधानसभा और युवा मोर्चा पदाधिकारियों के नेतृत्व में बड़ी संख्या कांग्रेस, बसपा, यूकेडी, स्वराज सेवा दल एवं अन्य दलों के महिला, युवा राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पार्टी में विश्वास जताया। हल्द्वानी, रुद्रपुर, पिथौरागढ़, देहरादून, हरिद्वार और गढ़वाल क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर हजारों लोग पार्टी में शामिल हो चुके हैं।




