Home News Posts उत्तराखंड युवती पर चापड़ से हमले की खबर तथ्यहीन : एसएसपी

युवती पर चापड़ से हमले की खबर तथ्यहीन : एसएसपी

0
121

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में युवती पर चापड़ से हमले की सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबर को पुलिस ने सिरे से खारिज कर दिया है। पुलिस के अनुसार यह मामला किसी धारदार हथियार से हमले का नहीं, बल्कि नशे की हालत में दो पक्षों के बीच हुई आपसी मारपीट का है, जिसमें युवती घायल हुई। पुलिस के अनुसार 4 फरवरी की रात को कोतवाली पटेलनगर को सूचना मिली कि चंद्रबनी चौक के पास स्थित एक कैफे में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया है। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि माही पुत्री हरीश जेटली, निवासी गांधीग्राम गुरुद्वारा रोड, देहरादून अपने साथियों के साथ कैफे में बर्थडे पार्टी मना रही थी। सभी लोग नशे की हालत में थे। इसी दौरान कैफे में मौजूद दूसरे पक्ष, जिसमें आयुष रावत व अन्य युवक शामिल थे, से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष कैफे के बाहर सड़क पर आ गए, जहां आपस में मारपीट हो गई। इस दौरान युवती माही के सिर पर चोट आई। घायल अवस्था में युवती को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट में डॉक्टरों ने युवती के सिर पर किसी हार्ड व ब्लंट ऑब्जेक्ट से चोट लगना बताया है। रिपोर्ट में किसी भी प्रकार के धारदार हथियार या चापड़ से हमला होने की पुष्टि नहीं हुई है। इसके साथ ही मेडिकल रिपोर्ट में युवती द्वारा शराब के सेवन का भी उल्लेख किया गया है। घटना के संबंध में युवती के भाई द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर युवती पर चापड़ से हमले की खबरें भ्रामक और तथ्यहीन हैं। मेडिकल रिपोर्ट इस तरह के किसी भी हमले की पुष्टि नहीं करती। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here