Home News Posts उत्तराखंड 16 दिन बाद गोमती किनारे मिला लापता अधिवक्ता का शव

16 दिन बाद गोमती किनारे मिला लापता अधिवक्ता का शव

0
4

बागेश्वर। 16 दिन से लापता वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व नगर पालिका सभासद धीरेंद्र सिंह परिहार का शव मिलने से पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। बीती शाम थुणाई के समीप गोमती नदी किनारे शव बरामद होने की सूचना से परिजनों, अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुए धीरेंद्र की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय धीरेंद्र सिंह परिहार बीते 17 अक्टूबर से लापता थे। उनके अचानक गायब होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। बेटे का पता नहीं चलने पर उनकी मां नंदी परिहार ने कोतवाली में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से जल्द तलाश करने की गुहार लगाई थी। धीरेंद्र परिहार की तलाश में पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कई स्तरों पर जांच की। इसी दौरान नुमाइशखेत क्षेत्र में कुछ सीसीटीवी कैमरों के तार काटने और कैमरों को नुकसान पहुंचाने की घटना भी सामने आई थी। इससे उनकी गुमशुदगी को लेकर संदेह और गहरा गया था।
धीरेंद्र परिहार का पता नहीं चलने से नाराज परिजनों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने सोमवार को एसबीआई तिराहे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था। आंदोलन में विधायक पार्वती दास भी शामिल हुई थीं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से जल्द तलाश अभियान तेज करने और मामले का खुलासा करने की मांग की थी। बीते रोज थुणाई के समीप नदी किनारे शव मिलने की सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। धीरेंद्र परिहार की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह नदी किनारे कैसे पहुंचे, इन सवालों का जवाब फिलहाल नहीं मिल पाया है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here