चंडीगढ़। मशहूर पंजाबी सिंगर—एक्टर परमीश वर्मा और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परमीश वर्मा को यह धमकी लॉरेंस बिश्नोई के गैंग ने दी है। लॉरेंस गैंग की तरफ से परमीश वर्मा को थ्रेट कॉल आया, जिसमें उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। पैसे न दिये जाने पर परमीश वर्मा और उनके परिवार को जान से मारने की बात कही गई है। वहीं जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर परमीश वर्मा और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ी दी गई है।
बता दें कि परमीश वर्मा इससे पहले गैंगस्टरों का सीधा निशाना बन चुके हैं। 13 अप्रैल 2018 की रात मोहाली में परमीश वर्मा पर गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह बाबा गैंग ने जानलेवा हमला किया था। रंगदारी (20 लाख रुपये) की मांग को लेकर मोहाली के सेक्टर—91 के पास परमीश वर्मा पर फायरिंग की गई थी। उस समय वह किसी कार्यक्रम से अपने घर वापस लौट रहे थे। वह कार में थे। तभी अचानक उनपर गोलीबारी हुई। इस जानलेवा हमले में परमीश वर्मा की जान बाल—बाल बची थी। हमले में उनके पैर में एक गोली लगी। लेकिन घायल अवस्था में भी परमीश वर्मा ने गाड़ी नहीं रोकी। गोली लगने के बाद भी परमीश वर्मा ने खुद कार चलाई और पुलिस को फोन कर सूचित किया। इसके बाद पुलिस पहुंची और उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं इस हमले के बाद परमीश वर्मा के सही सलामत बचने पर दिलप्रीत बाबा ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर परमीश वर्मा को कहा था कि अगली बार नहीं बचेगा। हालांकि जुलाई 2018 में पुलिस ने गैंगस्टर दिलप्रीत बाबा को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया था। बहरहाल पुलिस अब इस मामले में जांच के बाद कार्यवाही करने की बात कह रही है।




