चमोली। दहेज की भूख में बहू की जान लेने वाले कलयुगी सास—ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिन्हे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बीते 23 सितम्बर को सुपुली देवी, निवासी ग्राम कनोल, विकासखंड नंदानगर द्वारा थाना थराली में तहरीर देकर बताया गया था कि उनकी पुत्री उर्मिला का विवाह वर्ष 2023 में प्रेम सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह, निवासी ग्राम ल्वाणी तहसील देवाल थाना थराली के साथ हुआ था। मृतका की माता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में गंभीर आरोप लगाए गए कि विवाह के उपरांत मृतका को उसके ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग को लेकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि घटना से पूर्व मृतका ने फोन के माध्यम से अपने मायके पक्ष को ससुराल में मारपीट किए जाने की जानकारी दी थी, जिसके पश्चात उसका फोन अचानक बंद हो गया। कुछ समय बाद ग्रामवासियों के माध्यम से मृतका की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई। परिजनों द्वारा आरोप लगाया गया कि ससुराल पक्ष द्वारा मृतका की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी। मामले में पुलिस ने साक्ष्य संकलन, घटनास्थल का निरीक्षण एवं गवाहों के बयान दर्ज किए गए। जांच के क्रम में आरोपित त्रिलोक सिंह पुत्र जवाहर सिंह, उम्र 62 वर्ष (ससुर) तथा रामेश्वरी देवी पत्नी त्रिलोक सिंह, उम्र 52 वर्ष (सास) निवासी ग्राम ल्वाणी, तहसील देवाल, थाना थराली को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।




