कर्नाटक। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। 81 साल की उम्र में बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ एक नाबालिग ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक महिला ने अपनी 17 साल की बेटी से बेंगलुरु के सदाशिवनगर पुलिस स्टेशन में बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ यौन शोषण का मुकदमा दर्ज कराया गया है। शुक्रवार तड़के बेंगलुरु के सदाशिवनगर पुलिस स्टेशन में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पोक्सो) के तहत मामला दर्ज किया गया है। 17 वर्षीय लड़की की मां ने 2 फरवरी को आधिकारिक मामलों की बैठक के दौरान येदियुरप्पा पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल बीएस येदियुरप्पा ने आरोपों को लेकर कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है।
वहीं बीएस येदियुरप्पा पर लगे नाबालिग से यौन उत्पीड़न के आरोप पर कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा, कल रात करीब 10 बजे एक महिला ने बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। यह एक संवेदनशील बात है क्योंकि इसमें एक पूर्व सीएम शामिल हैं। मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई राजनीतिक एंगल है। अगर पीड़ित महिला को सुरक्षा की जरूरत है, तो दी जाएगी।




