- दर्जनों घर व वाहन जमींदोज हुए
- 20—25 होटल व होम स्टे भी बहे
- भारी जन—धन हानि की संभावना
देहरादून। उत्तराखंड राज्य में बीते एक महीने से मानसूनी आपदा का कहर जारी है। बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक सैकड़ो लोगों की जाने जा चुकी है। आज उत्तरकाशी से आई आपदा के सैलाब की तस्वीरे जिसने भी देखी उसका कलेजा कांप उठा। प्रारम्भिक सूचना के अनुसार करीब 20—25 होटल व होम स्टे भी बह गये है।
उत्तरकाशी जिले का धारली गांव जो पहाड़ की तलहटी में बसा है पहाड़ से खीर गंगा नदी के साथ आए पानी के तेज बहाव जिसमें मलवा, पेड़ और बड़े—बड़े बोल्डर थे अपने साथ घर मकान और दुकानों तथा वाहनों के साथ ही होटलों व होम स्टे को तिनके की तरह बहा ले गया। इस सैलाब की जद में जो कुछ भी आया सब कुछ पलक झपकते ही समाप्त हो गया। इस दौरान अगर कुछ शेष था तो बस महिलाओं और बच्चों की चीख पुकारे थी यह सब कुछ चंद मिनटों और सेकंडो में ही हुआ न किसी को जान बचाकर भागने का मौका मिला और न किसी की मदद करने का। पहाड़ से आए इस सैलाब की टक्कर में आया धारली का मध्य हिस्सा देखते ही देखते मलबे और दलदल के मैदान में तब्दील हो गया। बताया जा रहा है कि इस घटना में 20—25 होटल बह गये है साथ ही मलबे में कर्ई घोड़े खच्चर व वाहन दब गये है।

इस सैलाब के अगल—बगल बने कुछ घर बच जरूर गए लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के इस मंजर को देखकर होश गुम हो गए। बदहवास लोगों ने किसी तरह इसकी सूचना प्रशासन को दी आपदा का आकार इतना बड़ा था कि जिला प्रशासन व बचाव राहत टीमे दुर्घटना स्थल की ओर दौड़ पड़ी, इस दौरान अधिकारियों के फोन मिलाने की कोशिश भी की गई लेकिन किसी से घटना का कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इतना ही पता चल सका कि अधिकारी आपदा प्रबंधन में व्यस्त हैं पीड़ितों की मदद ही इस समय उनकी प्राथमिकता है।
इस सैलाब की चपेट में कितने घर आए या जान माल का कितना नुकसान हुआ इसका कोई सटीक जानकारी नहीं मिल सकी है लेकिन यह नुकसान बहुत बड़ा है। दर्जनों घर जमींदोज हुए हैं तथा 50 से 60 लोगों के मलबे में दबने की आशंका जताई जा रही है मौके पर जिला प्रशासन के अधिकारी और आपदा प्रबंधन की टीम पहुंच चुकी है तथा बचाव राहत कार्य शुरू किया जा चुका है।
वहीं इस घटना के बाद सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जाहिर करते हुए प्रभावितो के प्रति संवेदना प्रकट कर अधिकारियों को बचाव व राहत कार्य युद्ध स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिये है। सेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और अन्य सम्बन्धित टीमें मौके पर बचाव व राहत कार्य में जुटी हुई है।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में बादल फटने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने इस आपदा में जन-धन की हानि पर संवेदना व्यक्त की है और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई है। अमित शाह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा राज्य सरकार को हर संभव केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया। गृह मंत्री ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ एवं अन्य राहत एजेंसियों को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपना दौरा स्थगित कर तत्काल देहरादून के लिए रवाना हो गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हैं और केंद्र सरकार की ओर से प्रभावित क्षेत्र में तत्काल एवं आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जा रही है।




