- लूटी गयी नगदी व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद
हरिद्वार। फाइनेंस कर्मी से हुई लाखों की लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन लुटरों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से लूटी गयी नगदी व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गयी है। मामले में एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है। वहीं लूट की इस घटना का मास्टर माइंड पूर्व कर्मचारी ही है।
जानकारी के अनुसार बीती एक फरवरी को रवि राठौर पुत्र मुन्ना लाल निवासी लक्सर गांव द्वारा कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया गया था कि 4 अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसको रोककर मारपीट कर उसका बैग जिसमें कलैक्शन के पैसे व मोबाइल फोन था, को लूटकर भाग गये है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गयी। लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस टीमों द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद बीती शाम लक्सर क्षेत्र से 3 संदिग्धों को दबोचा जिनका हुलिया वारदात में शामिल आरोपित से मिलता जुलता था। तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने पकड़ में आए संदिग्धों के कब्जे से लूटी गयी कुल 185000 रूपये की नकदी, वारदात में इस्तेमाल मोटर साईकिल, पीड़ित का आधार कार्ड व 1 बैग बरामद किया गया। पूछताछ में एक आरोपी गुलशेर ने बताया कि वह लक्सर स्थित परचून की दुकान पर पिछले 6—7 साल से काम करता था व ई—रिक्शा से परचून का सामान अन्य दुकानदारों को सप्लाई करता था। लेकिन लाला जी से अनबन होने पर कुछ दिन पहले उसने काम छोड़ दिया। उसे पता था कि बेचे जाने वाले सामान का कलैक्शन रवि नाम का युवक करता है और हर रविवार को सुल्तानपुर की तरफ से दुकानों से पैसे के कलैक्शन की मोटी रकम लेकर लाला जी को लाकर देता है। आरोपी गुलशेर ने अपने गाँव के साथियों सलमान, फरमान और साहिल को रवि के बारे में बताया लूटकर अच्छा मुनाफा कमाने का प्रस्ताव रखा। वारदात के दिन चारों ने दोपहर के वक्त साथ मिलकर रवि को डन्डो से पीटा और पीठ पर टंगा कलैक्शन के पैसों वाला बैग छीनकर फरार हो गयें। बहरहाल पुलिस ने उन्हे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।




