देहरादून। देश में अमन चैन व आपसी भाईचारे की दुआ के साथ ईद—उल—फितर की नमाज अता की गयी। जिसके बाद सभी ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
आज यहां सुबह चकराता रोड स्थित ईदगाह में शहर काजी मौलाना मोहम्मद अहमद कासमी ने आपसी भाई चारे व देश में खुशहाली की दुआ के साथ ईद की नमाज अता करायी। जिसके बाद सभी ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। वहीं शहर में जगह—जगह नमाज अता कर आ रहे मुस्लिम भाईयों के स्वागत के लिए स्टाल लगाये गये थे। जहां पर नमाज अता कर आ रहे मुस्लिम भाईयों को गले लगाकर उनको ईद की मुबारकबाद दी गयी। शहर काजी मौलाना मोहम्मद अहमद कासमी ने कहा कि ईद मिलकर मनाएं। गरीबों की हर तरीके से मदद करें जिससे वह भी ईद मना सकें। ईद की खुशी में उन्हें याद करें जो दुख—दर्द में हों। हरसम्भव मदद की कोशिश करें। इसके साथ ही ईदगाह सुभाषनगर माजरा, बिलाल मस्जिद सिंघल मंडी, मदरसा अजबपुर कलां, मदीना मस्जिद भारूवाला, मदीना मस्जिद ब्राहमणवाला, जामा मस्जिद मुस्लिम कालोनी लक्खीबाग, जामा मस्जिद कंडोली में सुबह आठ बजे नमाज अता की गयी। मक्का मस्जिद कारगी, मस्जिद नसीम मदरसे वाली आजाद कालोनी, मदीना मस्जिद गांधीग्राम, मक्का मस्जिद मेहूंवाला, जामा मस्जिद ईसी रोड में साढे आठ बजे नमाज अता की गयी। जामा मस्जिद माजरा में 10 बजे, जामा मस्जिद धामावाला में साढे सात बजे व बडी मस्जिद कारगी में नौ बजे नमाज अता करायी गयी। नमाज के बाद सभी ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। जिसके बाद लोगों ने घर पहुंच सेवइयां व अन्य पकवान खाये व अपने परिचतों के घर भी भेजे और सभी ने मिलजुल कर सेवइयों का सेवन किया और ईद की मुबारकबाद दी।




