
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा के पूर्व सांसद दुष्यंत गौतम ने उत्तराखंड सरकार के गृह सचिव को एक औपचारिक शिकायती पत्र सौंपते हुए मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके खिलाफ झूठे और दुर्भावनापूर्ण आरोप फैलाए जाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार बीते रोज दिये गये पत्र में दुष्यंत गौतम ने कहा है कि वह एक सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता हैं और देशभर में उनकी एक लंबी सार्वजनिक पहचान रही है। पत्र में दावा किया गया है कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों ने आपराधिक साजिश के तहत एक फर्जी और मनगढ़ंत ऑडियो रिकॉर्डिंग तैयार की, जिसे मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए प्रसारित कर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। पत्र में कहा गया है कि यह पूरा मामला सोची—समझी साजिश का हिस्सा है, जिसमें उनके सम्मान और प्रतिष्ठा को धूमिल करने के उद्देश्य से भ्रामक, अपमानजनक और झूठा कंटेंट फैलाया गया।
दुष्यंत गौतम ने अपने पत्र में उन मीडिया संस्थानों, सोशल मीडिया पेजों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की एक सूची भी संलग्न की है, जिन पर इस कथित फर्जी सामग्री को प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और ट्विटर जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कई अकाउंट्स और चौनलों के माध्यम से इस सामग्री को आगे बढ़ाया गया। दुष्यंत गौतम ने गृह सचिव से अनुरोध किया है कि संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और न्यूज चौनलों को ऐसे सभी कंटेंट हटाने का निर्देश दिया जाए और भविष्य में इस तरह की सामग्री के प्रसार पर रोक लगाई जाए।




