Home News Posts उत्तराखंड कांग्रेस की आवाज दबाने में जुटी धामी सरकार: टमटा

कांग्रेस की आवाज दबाने में जुटी धामी सरकार: टमटा

0
12
  • धारचूला में तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर भड़के पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा
  • बोले- पुलिस का भय दिखाकर विपक्ष को नहीं कर सकते खामोश, 2027 में सत्ता परिवर्तन तय

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी टकराव तेज होने लगा है। धारचूला में कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी ने सरकार और विपक्ष के बीच टकराव को और हवा दे दी है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने तीनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए सरकार को दो टूक कहा है कि पुलिस का भय दिखाकर कांग्रेस की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
टम्टा ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी यह समझ लें कि पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियों के सहारे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसले नहीं तोड़े जा सकते। विपक्ष जनता के सवाल उठाता रहेगा और सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाइयों से कांग्रेस का संघर्ष रुकने वाला नहीं है।
प्रदीप टम्टा ने अपने बयान में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव तय है। सरकार चाहे जितना पुलिस का भय दिखा ले, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दबाया नहीं जा सकता। टम्टा के इस हमलावर रुख से साफ है कि कांग्रेस अब सरकार की पुलिस कार्रवाई को भी चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है। धारचूला की तीन गिरफ्तारियां महज स्थानीय घटनाक्रम तक सीमित रहेंगी या प्रदेशव्यापी राजनीतिक विरोध का रूप लेंगी, यह आने वाले दिनों में साफ होगा। लेकिन इतना तय है कि 2027 की चुनावी जंग से पहले सरकार और कांग्रेस के बीच टकराव लगातार बढ़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here