नैनीताल। सड़क दुर्घटना में देर रात एक कार के खाई में गिर जाने से जहंा दो पर्यटकों की मौत हो गयी वहीं छह लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। सूचना मिलने पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर मृतकों व घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहंा उनका उपचार जारी है। सभी पर्यटक गाजियाबाद निवासी बताये जा रहे है।
जानकारी के अनुसार बीती देर रात रामगढ़ के गागर क्षेत्र में एक पर्यटक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी पीड़ित गाजियाबाद के रहने वाले बताए गए हैं। सूचना मिलते ही भवाली पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। पुलिस ने खाई में गिरे सभी आठ लोगों को बाहर निकालकर भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सचिन (32) पुत्र विजेंद्र चौधरी और लक्षी (12) पुत्र विकास को मृत घोषित कर दिया। बाकी छह घायलों नितिन (32), रुचि (39), निस्ता (14), शामा, कंचन (26) और लवे (11) को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुँचाया गया है और मृतकों के शव भवाली में रखे गए हैं। बताया कि सभी लोग गाजियाबाद के निवासी हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जाँच में जुटी है।




