भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की छठी लिस्ट जारी की

0
88


नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवारों की छठी लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा की इस लिस्ट में 3 उम्मीदवारों के नाम हैं। भारतीय जनता पार्टी की इस लिस्ट में 2 उम्मीदवार राजस्थान से घोषित किये गए हैं। जबकि एक उम्मीदवार को मणिपुर से मैदान में उतारा गया है। भाजपा ने राजस्थान के करौली धौलपुर से इंदू देवी जाटव और दौसा से कन्हैया लाल मीणा को टिकट दिया है। वहीं, पार्टी ने इनर मणिपुर से थौनाओजम बसंत कुमार को टिकट दिया है। भाजपा अब तक 6 सूची में 405 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से रविवार को जारी की गई पांचवीं सूची में 111 उम्मीदवारों के नाम थे। भाजपा की 5वीं लिस्ट में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को ओडिशा के संबलपुर से, पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को सुल्तानपुर से और पूर्व सांसद नवीन जिंदल को कुरुक्षेत्र से मैदान में उतारा गया था। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा एक बार फिर ओडिशा के पुरी से किस्मत आजमाएंगे। भारतीय जनता पार्टी ने पांचवीं सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री वीके सिंह और अश्विनी चौबे के साथ ही पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी तथा विवादास्पद बयानों के लिए अकसर सुर्खियों में रहने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े का टिकट काट दिया है। वहीं, अभिनेत्री कंगना रनौत और टेलीविजन सीरियल रामायण में भगवान ‘राम’ का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल को उम्मीदवार बनाया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here