भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद व अन्य चुनौतियों से भारत को मुक्त कराने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध: मोदी

0
1003

नई दिल्ली। बीजेपी के स्थापना दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले 44 साल के सफर को देखें तो हम शून्य से उस मुकाम पर हैं जहां से और आगे बढ़ना है। इस सफर से जुड़ी तरह तरह की स्मृतियां हैं जो बरबस याद आ जाती हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों से भारत को मुक्त कराने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार कड़े कदम उठाने को प्रतिबद्ध है।
पीएम मोदी ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि इनकी संस्कृति परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद की रही है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजनीतिक संस्कृति प्रत्येक देशवासी को साथ लेकर चलने की है। उन्होंने कहा आज हम देश के कोने-कोने में भगवान हनुमान जी की जन्म जयंती मना रहे हैं। हनुमान जी का जीवन और उनके जीवन के प्रमुख प्रसंग आज भी हमें पुरषार्थ के लिए प्रेरित करते हैं भारत की विकास यात्रा के लिए प्रेरणा देते हैं। हनुमान जी के पास असीम शक्ति है लेकिन इस शक्ति का इस्तेमाल वो तभी कर पाते हैं जब स्वयं पर से उनका संदेह समाप्त हो जाता है। 2014 से पहले भारत की भी यही स्थिति थी। लेकिन आज भारत बजरंगबली जी की तरह अपने भीतर सूक्त शक्तियों का आभास कर चुका है। जब हनुमान जी को राक्षसों का सामना करना पड़ा था तो वो उतने ही कठोर भी हो गए थे। इसी प्रकार से जब भ्रष्टाचार की बात आती है, जब परिवारवाद की बात आती है, कानून व्यवस्था की बात आती है तो भाजपा उतनी ही संकल्पबद्ध हो जाती है। मां भारती को इन बुराइयों से मुक्ति दिलाने के लिए कठोर होना पड़े तो कठोर हों। भाजपा भी इसी प्रेरणा से परिणाम लाने में लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करती रही है, करते रहना है, करते रहेंगे।
भाजपा वो पार्टी है जिसके लिए राष्ट्र सदा सर्वोपरि रहा है। एक भारत-श्रेष्ठ भारत जिसकी आस्था का मूलमंत्र रहा है। जब जनसंघ का जन्म हुआ था तो हमारे पास न ज्यादा सियासी अनुभव था, न साधन थे न संसाधन थे लेकिन हमारे पास मातृभूमि के प्रति भक्ति और लोकतंत्र की शक्ति थी। भाजपा सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ काम कर रही है। सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण को हमने हमेशा अपने हृदय और कार्यशैली में सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। हमारा समर्पण है मां भारती को हमारा समर्पण है देश के कोटि-कोटि जनों को हमारा समर्पण है देश के संविधान को। आज भाजपा विकास और विश्वास का पर्याय है नए विचार का पर्याय है और देश की विजय यात्रा में एक मुख्य सेवक बन कर अपनी भूमिका निभा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here