नई दिल्ली। असम के गृह सचिव शिलादित्य चेतिया ने मंगलवार को लंबी बीमारी के चलते अपनी पत्नी के निधन के बाद गुवाहाटी के एक निजी अस्पताल में आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी चेतिया ने आईसीयू के अंदर अपनी सरकारी रिवॉल्वर से उन्होंने खुद को गोली मार ली, जहां उनकी पत्नी की मौत हो गई थी। चेतिया की पत्नी ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित थीं और पिछले कुछ महीनों से अस्पताल में भर्ती थीं। असम पुलिस कमिश्नर ने कहा, ‘शिलादित्य चेतिया असम सरकार में होम सेक्रेटरी के पद पर थे। उनकी पत्नी लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं। जैसे ही डॉक्टर ने उनकी पत्नी को मृत घोषित किया उसके कुछ ही पलों के बाद उन्होंने जान दे दी। असम पुलिस परिवार इससे बेहद दुखी है।’ चेतिया पिछले 4 महीनों से छुट्टी पर चल रहे थे और अपनी पत्नी का इलाज करा रहे थे। गोली मारे जाने के बाद डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘शिलादित्य चेतिया अपनी पत्नी की बीमारी के कारण पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से बेहद परेशान थे और आज यह दुखद हादसा हो गया। चेतिया के पिता भी पुलिस अफसर थे। उनकी दो बहने हैं। कुछ ही महीनों पहले उनकी मां और सास का भी निधन हो गया था। शिलादित्य चेतिया और उनकी पत्नी की कोई संतान नहीं थी।



