- ‘दून वैली मेल’ के द्वारा मामला उठाने पर पुलिस आई हरकत में
देहरादून। सांध्य दैनिक ‘दून वैली मेल’ के द्वारा मामला उठाये जाने के बाद एयरपोर्ट रूट पर लूट करने वाले चार लोागों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट में प्रयुक्त बेसबॉल के डंडे, खुखरी व नकली पिस्टल व कार बरामद कर ली है।
सांध्य दैनिक ‘दून वैली मेल’ द्वारा गत एक जनवरी को समाचार ‘भजन गायक पर जानलेवा हमला कर लूट का प्रयास, प्रकाशित किया था। दून वैली मेल के खुलासे के बाद पुलिस—प्रशासन हरकत में आया और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। घटना के अनुसार भजन गायक दीपक कुमार टिहरी से 31 दिसम्बर की रात्रि टीएचडीसी से प्रोग्राम खत्म कर अपने घर वापस आ रहे थे जब वह रात्रि तीन बजे थानों के जंगल में पहुंचे तभी कार सवार बदमाशों ने उनकी कार पर डण्डों से हमला कर उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया था। जिसके बाद दीपक कुमार ने किसी तरह से कार की स्पीड तेज कर वहां से भागकर अपनी जान बचायी। जिसके बाद उन्होंने रायपुर पहुंचकर घटना की पुलिस को जानकारी दी। घटना का पता चलने पर एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर टीमों का गठन किया गया। वहीं लक्कडघाट निवासी मंजीत सिंह राठौर ने भी डोईवाला कोतवाली में थानों मार्ग पर उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया। जिसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया तथा मैन्युअल जांच करते हुए गत दिवस रात्रि में चैकिंग के दौरार रायपुर स्टेडियम मार्ग से घटनाओं में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं इनके साथ तीन अन्य विधि विवादित किशोरों को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक स्वीफ्ट कार, बेसबॉल के डण्डे, नकली पिस्टल, खुखरी व रिफ्लेक्टर पिलर बरामद कर लिये। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम पारस पुत्र दीपक कुमार निवासी नंद कालोनी नत्थुवाला, साहिल राणा पुत्र इन्द्रजीत सिंह राणा निवासी पदम निवास घोडा फैक्ट्री रोड बालावाला, प्रियांशु राणा पुत्र अब्बल सिंह राणा निवासी सोडा सरोली रायपुर, अमन उर्फ एमी पुत्र देवेन्द्र सिंह बुटोला निवासी कृष्ण विहार गुजरोवाली बताया। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।




