देहरादून। दून पुलिस ने नगर से लेकर देहात तक व्यापक स्मर पर सत्यापन अभियान चलाकर 96 भवन स्वामियों के विरूद्ध 83 पुलिस एक्ट के तहत कार्यवाही की।
आज यहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह द्वारा सभी अधीनस्थों को आपराधिक घटनाओं में अंकुश लगाने के लिए अपने अपने क्षेत्र में निवासरत संदिग्धों/बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन तथा नियमों का पालन न करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। उक्त निर्देशों के अनुपालन में जनपद के नगर तथा देहात के अलग अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा तड़के सुबह से ही सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस की अलग—अलग टीमों द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में निवास कर रहे बाहरी व्यक्तियों/किरायेदारों के सत्यापन की कार्यवाही की गई। इस दौरान पुलिस द्वारा 1272 व्यक्तियों का सत्यापन करते हुए अपने किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले 96 भवन स्वामियों/हॉस्टल व होम स्टे संचालकों के विरूद्ध 83 पुलिस अधिनियम के अन्तर्गत कार्यवाही करते हुए 09 लाख 60 हजार रूपये का जुर्माना किया गया तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले 75 व्यक्तियों के 81 पुलिस एक्ट के अन्तर्गत चालान कर 16,250 रूपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूम रहे 88 व्यक्तियों को थाने पर लाकर उनसे पूछताछ करते हुए उनके सत्यापन की कार्यवाही की गई।




