मुजफ्फरनगर। संजीव जीवा गैंग के शार्प शूटर सहित सहित दो बदमाशों से पुलिस देर रात मुठभेड़ हो गयी। जिसमें जीवा गैंग का शार्प शूटर व एक लाख का ईनामी मारा गया। हालांकि की अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरा बदमाश फरार होने में सफल रहा जिसकी तलाश जारी है। वहीं मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ है। जिसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार बीती रात करीब आठ बजे कुछ बदमाश वेदखेड़ी मार्ग पर लूटपाट कर रहे थे। इस दौरान बदमाशों ने वेदखेड़ी निवासी जीतराम पुत्र रामचन्द्र से नगदी, मोबाइल व बाइक लूट ली। सूचना पर झिंझाना थाना पुलिस व एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारा गया बदमाश संजीव जीवा गैंग का शूटर फैसल निवासी खालापार मुजफ्फरनगर था। जिस पर हत्या, लूट और रंगदारी सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। वहीं मुठभेड़ के दौरान एसओजी के एक सिपाही दीपक निर्वाण को भी गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक बदमाश का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमों ने जंगल में कॉम्बिंग अभियान चलाया है। मौके से पुलिस ने दो बाइक, दो पिस्टल, कई जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। झिंझाना थाना प्रभारी ने बताया कि फरार बदमाश की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।




