Home News Posts उत्तराखंड हनीट्रैप में फंसाकर वसूली करने वाली महिला की गिरफ्तारी से रोक हटी

हनीट्रैप में फंसाकर वसूली करने वाली महिला की गिरफ्तारी से रोक हटी

0
10

नैनीताल। हल्द्वानी के बुजुर्ग कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर करोड़ों रुपये की वसूली और संपत्ति हड़पने के मामले में आरोपित महिला ज्योति सिंह को हाई कोर्ट से झटका लगा है। न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने महिला की गिरफ्तारी पर लगी अंतरिम रोक हटाते हुए मुकदमा निरस्त करने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। इससे अब पुलिस के लिए आरोपित महिला की गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया है।
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कारोबारी ने करीब सात करोड़ रुपये की नकदी और संपत्ति गंवाने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि निजी फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उनसे करीब पांच करोड़ रुपये नकद और आनलाइन माध्यम से वसूले गए। इसके अलावा लगभग दो करोड़ रुपये बाजार कीमत के चार प्लाट, एक कार और बाइक भी कथित तौर पर ले ली गई। आरोप है कि इतनी बड़ी रकम और संपत्ति लेने के बाद भी वसूली का सिलसिला नहीं थमा। पिछले दो वर्षों से बेटी की बीमारी और उपचार का हवाला देकर हर महीने 40 हजार रुपये मांगने का आरोप है। इस तरह करीब 9.60 लाख रुपये अतिरिक्त वसूले जाने की बात भी सामने आई है। कारोबारी की शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2015 में उनकी मुलाकात ज्योति सिंह से हुई थी। शुरुआत में महिला ने आर्थिक मदद के बहाने उनसे संपर्क बढ़ाया। धीरे—धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। कारोबारी का आरोप है कि इसी दौरान महिला और उसके कथित साथियों ने उनकी निजी फोटो और वीडियो तैयार कर लिए। इसके बाद इन्हें परिवार और समाज में प्रसारित करने की धमकी देकर रकम मांगी जाने लगी। वर्ष 2016 में करीब 45 लाख रुपये लेने का आरोप है। कारोबारी के मुताबिक, वर्ष 2016 से 2022 तक महिला से संपर्क नहीं रहा, लेकिन वर्ष 2022 में दोबारा फोन आने लगे और पुरानी फोटो—वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूली शुरू कर दी गई। आरोप है कि बदनामी और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने के डर से वह लगातार दबाव में रहे।
कारोबारी ने ज्योति सिंह के अलावा मोहम्मद मुश्ताक, सोमवती समेत अन्य लोगों पर भी इस कथित वसूली में शामिल होने का आरोप लगाया है। शिकायत में कुल छह लोगों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। कारोबारी का आरोप है कि उनकी करीब दो करोड़ रुपये की चार जमीनें भी दबाव बनाकर आरोपितों और उनके परिवार के सदस्यों के नाम कराई गईं। कारोबारी का स्टोन क्रशर, पेट्रोल पंप समेत अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़ाव बताया गया है। उनका दावा है कि लगातार आर्थिक और मानसिक दबाव के कारण उन्हें अपने कारोबार तक से हाथ धोना पड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here