Home News Posts हनीट्रैपः स्टोन क्रशर कारोबारी से सात करोड़ की वसूली का आरोप

हनीट्रैपः स्टोन क्रशर कारोबारी से सात करोड़ की वसूली का आरोप

0
12
  • महिला सहित सात पर मुकदमा दर्ज

नैनीताल। हल्द्वानी में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें लालकुआं के रहने वाले 62 साल के कारोबारी सुभाष चंद ने महिला सहित सात लोगों पर करीब सात करोड़ रुपये की वसूली का आरोप लगाया है। कारोबारी स्टोन क्रशर और पेट्रोल पंप का काम करते हैं। उनकी शिकायत पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने ज्योति सिंह, मोहम्मद मुस्तकीम, कुंदन कुमार, पंकज और सोनम उर्फ दिनेश वाले समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गयी शिकायत के अनुसार यह पूरा खेल साल 2015 में शुरू हुआ था, जब ज्योति सिंह एक व्यक्ति के साथ कारोबारी के स्टोन क्रशर पर पहुंची थी और मुकदमा चलने और पैसों की परेशानी बताकर मदद मांगी थी। इसके बाद दोनों के बीच जान पहचान बढ़ गई। कारोबारी का आरोप है कि एक दिन महिला ने उसे पूजा के बहाने अपने घर बुलाया और प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया, जिसके बाद उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए गए। उन्हीं फोटो वीडियो को वायरल करने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उससे लगातार वसूली की जाने लगी। बदनामी के डर से कारोबारी ने साल 2016 में 45 लाख रुपये दे दिए थे, लेकिन इसके बाद भी वसूली नहीं रुकी।
कारोबारी का कहना है कि साल 2022 में ज्योति ने दोबारा संपर्क किया और अपनी बेटी होने की बात बताई, इसके बाद साथियों के साथ मिलकर दबाव बनाकर करीब पांच करोड़ रुपये नकद और ऑनलाइन तरीके से वसूल लिए गए। साथ ही करीब दो करोड़ रुपये कीमत के चार प्लॉट भी अपने और करीबियों के नाम करा लिए गए, जिनमें एक प्लॉट ज्योति के नाम, दो उसकी बेटी के नाम और एक मोहम्मद मुस्तकीम के नाम कराने का आरोप है। इसके अलावा एक कार और एक स्कूटी भी हड़पने का आरोप लगाया गया है। कारोबारी का यह भी कहना है कि पांच नवंबर को ज्योति काठगोदाम के हाईडिल गेट पर उसके छोटे भाई के घर पहुंचकर फिर से पैसों की मांग करने लगी, जिसके बाद उसने हिम्मत करके 17 नवंबर की रात कोतवाली में शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि मामले में लेनदेन, प्लॉटों की रजिस्ट्री और धमकी से जुड़े सबूतों की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here