भोपाल। राजधानी भोपाल के छोला इलाके में पांच लोगों का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। चार लोगों के शव घर में पड़े मिले हैं। वहीं, एक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। आशंका जताई जा रही है कि हत्यारे ने चारों की हत्या कर खुद रेलवे ट्रैक पर जान दे दी है।
मामला छोला मंदिर थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी का है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक एक परिवार के हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद भोपाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। इसके बाद जांच की जा रही है। सभी शवों को पीएम के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची है।
शुरुआती जांच में यह पता चला है कि घर के अंदर एक बुजुर्ग महिला, एक महिला और दो बच्चे का शव मिला है। वहीं, पुरुष का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ था। मृतकों के नाम सरस्वती साहू, सोमलता, कृति साहू और खुश साहू। है। रेलवे ट्रैक पर जिसका शव मिला है, उसका नाम नरेंद्र साहू है। सभी लोग एलआईजी फ्लैट में रहते थे। मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू (35), उनकी मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है। नरेंद्र की मां, पत्नी और दोनों बच्चों के शव मालीखेड़ी स्थित उनके घर में मिले। चारों के गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। एसीपी निशातपुरा शशांक जैन के मुताबिक, पुलिस को नरेंद्र के घर से निकलने का एक सीसीटीवी फुटेज मिला है। इसमें वह सुबह करीब 7ः30 से 8 बजे के बीच घर से निकलता दिखाई दे रहा है। शक है कि सुबह—सुबह वारदात हुई है। परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू (35) का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर मिला था। सोमवार सुबह परिवार के एक रिश्तेदार को नरेंद्र की मौत की सूचना मिली। वह परिजन को जानकारी देने मालीखेड़ी स्थित घर पहुंचा, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। फोन पर भी किसी से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद रिश्तेदार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर घर में प्रवेश किया तो अंदर चार लोगों के शव मिले। परिवार मालीखेड़ी स्थित पीएमएवाय एलआईजी कॉलोनी के एलआईजी ठ4 में रहता था। मकान मालिक रामसिंह भोपाल में असिस्टेंट लोको पायलट हैं। पिछले साल सितंबर में मकान नंबर 4 सोमलता साहू को 5 हजार रुपए महीने के किराए पर दिया था। उस समय उन्होंने सोमलता का आधार कार्ड भी लिया था। सोमलता ने बताया था कि उनके पति बाहर प्राइवेट नौकरी करते हैं। वह दो बच्चों और अपनी सास के साथ रहती हैं। सोमलता हर महीने ऑनलाइन किराया भेज देती थीं।





