नई दिल्ली। नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सौरभ दास को दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक, सौरभ अपने कुछ साथियों के साथ जंतर-मंतर पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें रोक लिया। उनके साथ पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिया गया है। इस दौरान तिरंगा लहराया गया और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
बताया जा रहा है कि सौरभ दास, आशुतोष रांका और सीजेपी के कुछ अन्य लोग जंतर-मंतर के पास जेडीयू दफ्तर के परिसर की तरफ से अंदर आए। इसके बाद वे गेट से कूदकर जंतर-मंतर के एक हिस्से में पहुंच गए। वहां मौजूद दिल्ली पुलिस ने सभी को तुरंत हिरासत में ले लिया। इस मामले में पुलिस की तरफ से एफआईआर भी दर्ज की जा सकती है। आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है। इसमें ‘भारत माता की जय’ के नारे लग रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्स पर पार्टी नेता आशुतोष रांका की एक तस्वीर साझा की। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि आशुतोष रांका जंतर-मंतर पर तिरंगा लहरा रहे हैं। तस्वीर में रांका के हाथ में तिरंगा दिखाई देता है और दिल्ली पुलिस के कई जवान उन्हें पकड़े हुए नजर आते हैं। उनके आसपास पार्टी के दूसरे कार्यकर्ता भी दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर के जरिए पार्टी की ओर से प्रदर्शन के दौरान की स्थिति सामने रखी गई। इस घटनाक्रम में तिरंगा लहराने और सुरक्षा घेरा पार करने के साथ-साथ पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की गईं।





