चमोली। कर्णप्रयाग कोतवाली क्षेत्र के बगोली गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां पारिवारिक विवाद और नशे की हालत में एक बेटे ने अपने ही माता—पिता पर धारदार ब्लेड से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच बचाव के दौरान आरोपी ने दोनों के साथ बेरहमी से मारपीट भी की।
घायल पिता विक्रम सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा मनोज सिंह 11 अक्टूबर को नशे की हालत में घर पहुंचा और गुस्से में आकर माता—पिता पर ताबड़तोड़ ब्लेड से वार करने लगा। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही कर्णप्रयाग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी मनोज सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मारपीट और गैर इरादतन हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उप निरीक्षक वीरपाल सिंह को सौंपी गई है। जांच अधिकारी ने बताया कि घायलों का मेडिकल करा दिया गया है और गांव में गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने नशे की हालत में इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।





