Home News Posts उत्तराखंड शराब की तलाश में हुई दोस्ती, पैसों के लालच में की हत्या,...

शराब की तलाश में हुई दोस्ती, पैसों के लालच में की हत्या, गिरफ्तार

0
85



हरिद्वार। ब्लांइड मर्डर केस का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक शातिर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले मृतक से शराब के लालच में दोस्ती की फिर उसे पैसों के लालच में निपटा दिया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि बीती 17 फरवरी को पुराने पीर के पास मंगलौर नहर पटरी मार्ग पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर कोतवाली मंगलौर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त के प्रयास किए तो शव के सिर पर गहरे घाव व पत्थर से कुचले जाने की चोट दिखी। शव की पहचान घोसीपुरा मंगलौर निवासी प्रदीप के रुप मे हुई। मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर कोतवाली मंगलौर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास संदिग्ध आवाजाही टटोलने पर पुलिस को घटना वाले दिन की सुबह मृतक व एक अन्य अज्ञात मोटर साइकिल से घटनास्थल की ओर जाते दिखे। मैनुअली अज्ञात शख्स की तलाश करते हुए देवबन्द तिराहे के पास पहुंची पुलिस टीम ने संदिग्ध हुलिए से मिलते जुलते एक शख्स को पूछताछ के लिए हिरासत मे लिया।
पुलिस का दांव उस समय सफल हुआ जब हिरासत में लिए गए संदिग्ध ने हत्या की वारदात कबूलते हुए बताया कि वह सराय ज्वालापुर स्थित किराये के मकान में रहता है। 17 फरवरी को अपने घर मुजफ्फरनगर जाने के लिए रुड़की में इंतजार करने के दौरान जब उसका शराब पीने का मन हुआ तो वह बस अड्डे के पास ही देशी शराब के ठेके पर चला गया। इस दौरान मृतक भी शराब लेने के लिए ठेके पर पहुंचा लेकिन ठेका बंद होने व कोई जवाब न मिलने की वजह से मौके पर हुई जान पहचान के बाद दोनों मृतक की मोटर साइकिल से रामपुर चुंगी शराब के ठेके पर पहुंचे और शराब खरीदी। इसके बाद दोनों नहर पटरी से मंगलौर की तरफ पीर के पास बाग में शराब पीने लगे। बातचीत के दौरान जब हत्यारोपी को पता चला कि मृतक प्रदीप के पास पैसे रखे हुए हैं तो पैसे की तंगी और लालच मे आकर उसने नशे में धुत प्रदीप को पहले गला दबाकर नीचे गिराया और फिर पास मे रखे पत्थर से सिर पर वार कर प्रदीप की हत्या कर दी। आरोपी इसके बाद मृतक की जेब से मिले 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस ने हत्यारोपी के इकबालिया बयान के आधार पर घटना स्थल से कुछ दूरी पर छिपाये गये खून से सने कपडे (हत्या के दौरान पहनी हुई जैकेट) व लूटी गई धनराशि 20 हजार रुपये बरामद किये। हत्यारोपी का नाम विनायक त्यागी पुत्र विजेन्द्र त्यागी निवासी बरला थाना छपार जिला मुजफ्फरनगर हाल पता ग्राम सराय ज्वालापुर, कोतवाली ज्वालापुर जिला हरिद्वार बताया जा रहा है। जिसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here