- चोरी की दो बाइक सहित चुरायी गयी मोटरसाईकलों के पाटर््स बरामद
पौड़ी। दुपहिया वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने मैकेनिक सहित चार शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से चुरायी गयी दो बाइक व चोरी की गयी बाइकों के पार्टस बरामद हुए है।
कोटद्वार क्षेत्र में वाहन चोरी की लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार द्वारा संज्ञान में लेते हुए वाहन चोरी की घटनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी अंकुश लगाए जाने तथा उनके शीघ्र अनावरण हेतु प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली कोटद्वार को आवश्यक दिशा—निर्देश दिये गए। जिस पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए उन चोरी की घटनाओं को खुलासा करने हेतू पुलिस टीमों का गठन कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गयी। चोरों की तलाश में जुटी पुलिस टीमों को इस दौरान सूचना मिली कि उक्त आरोपी नजीबाबाद क्षेत्र के आसपास के निवासी हैं और कोटद्वार के आस पास घूम रहे है। जिस पर पुलिस टीमों द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय तीन आरोपी वंश, मुकुल एवं सौरभ को बीईएल रोड, कोटद्वार से एक चोरी की मोटरसाइकिल स्प्लेंडर के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिलें एवं उनके कटे हुए पुर्जे बरामद किए गए हैं, जिससे वाहन चोरी से जुड़े एक संगठित गिरोह की संलिप्तता स्पष्ट रूप से सामने आई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा बताया गया कि उन्होंने उक्त मोटरसाइकिल लगभग दो माह पूर्व कोटद्वार क्षेत्र के घराट रोड से चोरी की थी। साथ ही बताया कि इनके द्वारा कोटद्वार से चोरी की गई अन्य तीन मोटरसाइकिलों को कोटद्वार, नजीबाबाद गांव निवासी अजय नामक व्यक्ति को बेचा गया था, जो पेशे से मोटर मैकेनिक है। अजय द्वारा चोरी की मोटरसाइकिलों को खरीदकर उनके पुर्जे अलग—अलग काटकर बेचने का कार्य किया जाता था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा अजय की दुकान से एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसके अतिरिक्त चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों के कटे हुए पुर्जे अलग—अलग बोरों में भरे हुए बरामद किए गए, जिसके पश्चात पुलिस टीम द्वारा अजय (मैकेनिक) के साथ ही उक्त 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके विरुद्ध कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।




