नैनीताल। दुष्कर्म मामले की जांच में लापरवाही बरतना एक महिला दारोगा को भारी पड़ गया। मामला सामने आने पर एसएसपी ने लापरवाही बरतने वाली महिला दारोगा को सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के अनुसार लालकुआं कोतवाली में अक्टूबर 2025 में एक युवती द्वारा शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि एक व्यक्ति द्वारा उसको शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। जिसकी जांच की जिम्मेदारी महिला एसआई अंजू नेगी को सौंपी गई थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि महिला दारोगा ने मामले की निष्पक्ष जांच करने के बजाय प्रतिवादी को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस विभाग द्वारा जब इस जांच की जांच की गयी तो पाया गया कि विवेचना में जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। जिससे पीड़िता के साथ न्याय की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती थी। मामले की शिकायत मिलने पर एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने इसकी गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच कराई। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर महिला एसआई अंजू नेगी को निलंबित कर दिया है।





