देहरादून। सीआरपीएफ में कार्यरत देहरादून के सोहन सिंह रावत, सहायक कमाण्डेंट को सीआरपीएफ के महानिदेशक की प्रशस्ति डिस्क एवं प्रमाण—पत्र से सम्मानित किया गया है ।
डिब्रूगढ़, असम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में प्रभाकर त्रिपाठी, डीआईजी, सीआरपीएफ द्वारा उन्हें महानिदेशक की प्रशस्ति डिस्क एवं प्रमाण—पत्र प्रदान किया गया । उन्हें यह सम्मान लगातार 600 किमी एन्ड्यूरेन्स साईकिलिंग अभियान पूर्ण करने पर प्रदान किया गया है।
सोहन सिंह रावत ने 600 किमी साईकिलिंग के अतिरिक्त 200, 300 एवं 400 किमी लगातार साईकिलिंग करने पर साईकिलिंग का प्रतिष्ठित “सुपर रेंडोनियर” का खिताब भी हासिल किया है।
57 वर्षीय सोहन सिंह रावत, ग्राम—चमाली, चौंदकोट, जिला—पौड़ी गढ़वाल के मूल निवासी हैं। इन्होंने साईकिल से उत्तराखण्ड के चारधाम पंच केदार, बूढ़ा केदार, माता के सिद्ध शक्ति पीठ, दयारा बुग्याल, हनोल इत्यादि की कठिन यात्राएं सम्पूर्ण की हैं। वे वर्ष 2019 से अब तक कुल 1,37,000 किमी से भी अधिक की साईकिल यात्राएं पूर्ण कर चुके हैं।




