- बच्ची से दुष्कर्म मामले में चल रहा था फरार
हरिद्वार। नीलकंठ का चोला पहनकर घूम रहे दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म मामले में फरार चल रहा था।
ऑपरेशन कालनेमी के तहत लगातार कार्यवाही कर रही पुलिस ने बीते रोज बड़ी सफलता अर्जित करते हुए बच्ची से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार बीते रोज पुलिस को चण्डीघाट क्षेत्र में एक व्यक्ति भगवान शिव का वेश धारण कर घूमते हुए मिला। पुलिस को देख उक्त व्यक्ति की हरकतों में आए बदलाव से संदिग्धता प्रकट होने पर पुलिस कर्मियों ने जब उक्त व्यक्ति से पूछताछ की तो उक्त बहरूपिए ने अपना परिचय दीपक सैनी, निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर के रुप में देते हुए बताया कि वह लड़कियों व महिलाओं को शिव भगवान का आशीर्वाद व प्रसाद देकर उनकी मनोकामना पूर्ण होने का आश्वासन देता है। जिस पर टीम कॉर्डिनेशन स्थापित कर उक्त व्यक्ति की विस्तृत जानकारी एकत्रित की गई तो सामने आया कि वह थाना श्यामपुर पर पूर्व में दर्ज पोक्सो एक्ट मामले में फरार चल रहा है। जिसमें उस पर नाबालिक लड़की को बहला—फुसलाकर एवं झूठे प्रलोभन देकर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप हैं। जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को परम ज्ञानी एवं त्रिकालदर्शी शिवभक्त बताकर भोली—भाली महिलाओं और छोटी बच्चियों को बहला—फुसला कर प्रसाद खिला कर गलत कार्य करता था। पुलिस आरोपी का शिकार बनी अन्य महिलाओं/बच्चियों की भी तलाश कर रही है ताकी ढोंगी बाबा को उसके किए कार्यों के लिए सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पर अपनी पत्नी से मारपीट, गाली—गलौच कर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप में थाना मंडी, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश में दहेज अधिनियम तथा भा.द.वि. की अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अतिरिक्त भी धार्मिक स्वतंत्रता को आघात करने बलवा, मारपीट, शांतिभंग के आरोपों में कोतवाली ज्वालापुर में विभिन्न मुकदमें दर्ज हैं।




