- दारमा घाटी में सड़क पर गिरा पहाड़, यातायात ठप
- अल्मोड़ा में भारी बारिश, बिजली भी गुल
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम की बदमिजाजी से लोगों को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा हैै। मौसम विभाग द्वारा राज्य में आगामी 24 घंटो के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए चार धाम यात्रियों को खास तौर पर सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
बीती रात से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। अल्मोड़ा में बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है वहीं बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है तथा कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई है। उधर भारत—चीन सीमा क्षेत्र में दारमा घाटी में सोवला तिदांग के पास सड़क पर पहाड़ गिर जाने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। पिथौरागढ़ से प्राप्त समाचार के अनुसार दारमा घाटी में आवागमन ठप हो गया है। पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा सड़क पर गिर जाने से अभी यह कहना मुश्किल है कि इसे खोलने में कितना समय लगेगा। कई लोगों का कहना है कि इसमें कई दिन का समय लग सकता है।
उधर मौसम विभाग द्वारा अगले 24 घंटो में राज्य की राजधानी देहरादून सहित हरिद्वार, उधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग तथा चंपावत व पिथौरागढ़ सहित अन्य कई क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है तथा चार धाम यात्रियों को विशेष रूप से सतर्कता बरतने को कहा गया है। रुद्रपुर में भी बारिश के कारण नाले—खाले ऊफान पर हैं। मौसम विभाग का कहना है कि लोग सतर्कता बरते तथा नदी—नालों से दूर रहें। खराब मौसम में यात्रा न करें तथा सुरक्षित स्थान पर ठहरे।



