Home उत्तराखंड Chamoli खुले हेमकुंड साहिब के कपाट

खुले हेमकुंड साहिब के कपाट

0
726

  • खराब मौसम के बावजूद हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने माथा टेका

चमोली। उत्तराखंड के पांचवें धाम हेमकुंड साहिब के कपाट आज सुबह 9.30 बजे विधि विधान के साथ खोल दिए गए। खराब मौसम के बीच हेमकुंड साहिब पहुंचे हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारे में माथा टेका और अरदास की। शब्द कीर्तन और जयकारों से हेमकुंड साहिब परिसर की छटा देखते ही बनती है। कपाट खुलने से पूर्व यहां भव्य तैयारियां की गई थी तथा हेमकुंड साहिब की सज्जा फूलों से की गई थी।
हर साल की तरह इस साल भी चारों धामों के कपाट खुलने के बाद तय 25 मई की तिथि और निर्धारित समय पर हेमकुंड साहिब के कपाट विधि विधान के साथ खोल दिए गए हैं। हेमकुंड साहिब में भारी बर्फबारी के कारण सेना द्वारा बीते दिनों कड़ी मेहनत के बाद 5—6 फीट मोटी बर्फ की चादर को काटकर रास्ता तैयार किया गया है। आज कपाट खुलने के समय भी इस क्षेत्र में बारिश का दौर जारी है लेकिन मौसम की तमाम विसंगतियों व दुश्वारियां के बीच भी श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि बीते दो दिन पूर्व ऋषिकेश से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल गुरूमीत सिंह द्वारा गुरुद्वारे में शब्द कीर्तन व गुरुवाणी के बीच यात्रियों का पहला जत्था रवाना किया गया था तब से लगातार हेमकुंड साहिब के लिए यात्रियों के जत्थे धाम जा रहे हैं तथा हेमकुंड साहिब में भारी भीड़ उमड़ रही है। खराब मौसम के बीच प्रशासन द्वारा यात्रियों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है। गोविंद घाट से हेमकुंड साहिब तक पैदल मार्ग जिसके दोनों ओर बर्फ के पहाड़ है, से होकर यात्री यहां पहुंच रहे हैं हेमकुंड साहिब में इस समय कड़की की सर्दी पड़ रही है।
गौरतलब है कि श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा जिसमें देश—विदेश से लाखों श्रद्धालु शीश नवाने पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जनपद चमोली पुलिस द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग के मुख्य पड़ावों पर विशेष रूप से एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं। चमोली पुलिस ने हेमकुंड साहिब और चारधाम यात्रा पर पधारे सभी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का हार्दिक स्वागत करते हुए उनकी सफल, सुखद और सुरक्षित यात्रा के प्रति अपनी तत्परता एवं प्रतिबद्धता दोहराई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here