उधमसिंहनगर। रुद्रपुर के सिडकुल में हुए अंकित हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने नाबालिग मृतक के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। नाबालिग को मारने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका पिता ही था। बेटे की श्ौतानियों से परेशान होकर पिता ने ऐसी जघन्य घटना को अंजाम दिया था।
एसपी क्राइम निहारिका तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते रोज सिडकुल क्षेत्र के पास झाड़ियों में 14 साल के किशोर का शव बरामद हुआ था। जिसकी पहचान आजादनगर ट्रांजिट कैंप निवासी अंकित गंगवार पुत्र देवदत्त गंगवार के रूप में हुई थी। मामले में मां की तहरीर पर पंतनगर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज किया था। तहरीर में बताया गया था कि मंगलवार सुबह लगभग आठ बजे उसके पति देवदत्त ने उसके पुत्र अंकित गंगवार को गुरुकुल स्कूल छोड़ा था। वह सिडकुल कंपनी में काम करती है, दिन में लगभग एक बजे उसका पडोसी जीतू उसे कंपनी से लेने आया और बताया कि सिडकुल की रिद्धि सिद्धि कंपनी के पास झाड़ियों में अंकित का शव मिला है। वह मौके पर पहुंची तो देखा कि उसके पुत्र की दोनों आंखे कुचली हुई थीं। खाल उघड़ी हुई और उसकी शर्ट से उसका गला बंधा हुआ था। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी गयी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पिता देवदत्त ने ही बेटे की हत्या की घटना को अंजाम दिया था। बेटे की चोरी की आदत से वह परेशान था। सोमवार को भी उसने 10 हजार रुपए चुराए थे। इससे वह आहत था। हत्यारोपी योजना के अनुसार बेटे को साइकिल से स्कूल ले गया और वहां हत्या कर दी। इसके बाद खुद ही उसने फैक्टरी में जाकर भतीजे को कॉल कर घटना की सूचना दी थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को जेल भेजने की कार्यवाही शुरू कर दी है।




