June 27, 2026यूकेडी नेता पर मुकदमा दर्ज करने को दी तहरीर देहरादून। उक्रांद नेता के बयान से सिख समुदाय में आक्रोश फैल गया जिसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी गयी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।मिली जानकारी के अनुसार पावंटा साहिब निवासी परमजीत सिंह बंगा ने पांवटा साहिब थाने में प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि यूकेडी नेता आशीष नेगी द्वारा सोशल मीडिया एवं सार्वजनिक मंचों पर ऐसे बयान दिये गये कि जिनसे सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं गहरायी से आहत हुई है। उन्होंने कथित रूप से कहा कि ट्टहम स्वर्ण मंदिर पर दोबारा भी हमला कर सकते हैं। उन्होने कहा कि श्री हरिमंदि साहिब (स्वर्ण मंदिर) सिख धर्म का सर्वोच्च एवं पवित्र धार्मिक स्थल है, जहां सभी धर्मो के लोग श्रद्धापूर्वक शीश नवाते हैं। ऐसे बयान से न केवल सिखों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई है बल्कि समाज में भय, वैमनस्य एवं सांप्रदायिक तनाव का माहौल उत्पन्न हो सकता है। उन्होेंने कहा कि इसके अतिरिक्त सिखों को बिना किसी आधार के ट्टखालिस्तानी’ कहकर सम्बोधित करना भी समाज में नफरत फैलाने तथा अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास प्रतीत होता है। सिख इस देश के सम्मानित नागरिक है और देश की एकता, अखंडता एवं विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आशीष नेगी के विरूद्ध भारतीय कानून के प्रासंगिक प्रावधानो के अंतर्गत तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाये ताकि भविष्य मे कोई भी व्यक्ति किसी धर्म विशेष के विरूद्ध इस प्रकार के भडकाऊ एवं घृणास्पद बयान देने का साहस न कर सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।वहीं सूंत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले को लेकर सिख समुदाय में इतना रोष बढ़ चुका है कि इसकी चर्चाए शिरोमणी गुरूद्वारा प्रबन्धक कमेटी में भी हो रही है।
June 27, 2026पौड़ी। मवेशियों के लिए घास लेने के लिये गयी महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने हो हल्ला मचाकर मृतक महिला को गुलदार के कब्जे से हटाया और मामले की सूचना क्षेत्रीय विधायक व वन विभाग को दे दी। जिस पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी। वहीं जिले में गुलदार के लगातार हो रहे हमलो से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।मामला पौड़ी गढ़वाल के नैनी डांडा विकास खंड के पटटी बिजलौट के ग्राम सभा बणासी तल्ली का है यहंा एक महिला को गुलदार ने अपना निवाला बना दिया। बताया जा रहा है कि आज सुबह लगभग 10 बजे गांव की दो महिलाएं शांति देवी और सुशीला देवी घास लेने गांव के ऊपरी हिस्से में गयी थी। इसी बीच गुलदार ने सुशीला देवी पर अचानक हमला कर दिया। हमला इतना त्वरित हुआ कि सुशीला देवी को संभलने का मौका भी नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं दूसरी महिला शान्ति देवी के हो हल्ला करने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन सुशीला देवी की जान नहीं बचाई जा सकी। मामले की सूचना वन विभाग सहित क्षेत्रीय विधायक को भी दी गयी।वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने नैनी डांडा में गुलदार द्वारा मारी गई एक महिला की घटना को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है और सरकार पर आरोप लगाया है कि उसने उत्तराखंड के सुदूर पर्वतीय जनपदों के लोगों को हाथी बाघों गुलदारों के हाथों और बस दुर्घटनाओं में मारे जाने के लिए भगवान भरोसे छोड़ दिया है। उन्होंने इस घटना में मारी गई महिला के परिवार को तत्काल मुआवजा दिए जाने और आदमखोर गुलदार को तत्काल धराशाई किये जाने की भी मांग की है।
June 27, 2026भाजपा की विधायकों के रिपोर्ट कार्ड पर टिकी नजरें रिपोर्ट कार्ड तय करेगा दिग्गजों का सियासी भविष्य परफार्मेंस के आधार पर खिसकेगी माननीयों की जमीन देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में चुनावी बिगुल भले ही आधिकारिक तौर पर न बजा हो, लेकिन भाजपा के भीतर विधायकों की अग्निपरीक्षा शुरू हो चुकी है। रिपोर्ट कार्ड की कसौटी पर कौन खरा उतरता है और किसकी राजनीतिक जमीन खिसकती है, यह आने वाले महीनों में साफ हो जाएगा।उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा ने चुनावी तैयारियों की घड़ी अभी से तेज कर दी है। पार्टी संगठन ने मिशन-2027 के तहत सभी 70 विधानसभा सीटों पर कोर कमेटियों का गठन कर दिया है और अब विधायकों के प्रदर्शन का आकलन शुरू हो गया है। पार्टी सूत्रों की मानें तो इस बार टिकट वितरण का आधार केवल वरिष्ठता या राजनीतिक प्रभाव नहीं, बल्कि जनता के बीच विधायक की स्वीकार्यता और उनके कार्यों का रिपोर्ट कार्ड होगा।भाजपा नेतृत्व विधानसभा क्षेत्रों से लगातार फीडबैक जुटा रहा है। इसमें विधायकों की जनता के बीच सक्रियता, विकास कार्यों की गति, संगठन के साथ तालमेल, स्थानीय मुद्दों के समाधान और सरकार की योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने की क्षमता जैसे कई बिंदुओं को शामिल किया गया है। पार्टी यह भी जानना चाहती है कि किन विधायकों के खिलाफ स्थानीय स्तर पर नाराजगी है और किन सीटों पर नए चेहरे उतारने की आवश्यकता पड़ सकती है।भाजपा के लिए 2027 का चुनाव केवल सत्ता में वापसी का चुनाव नहीं, बल्कि मिशन रिपीट की प्रतिष्ठा का सवाल भी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पार्टी विकास, समान नागरिक संहिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को जनता के बीच प्रमुख उपलब्धियों के रूप में पेश करना चाहती है। दूसरी ओर कांग्रेस बेरोजगारी, पलायन, पेपर लीक और विभिन्न जन मुद्दों को हथियार बनाकर भाजपा को घेरने की रणनीति बना रही है।राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि जिन विधायकों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया जाएगा, उनके टिकट पर संकट खड़ा हो सकता है। पार्टी पिछले कुछ चुनावों में सर्वे और रिपोर्ट कार्ड के आधार पर उम्मीदवार बदलने का प्रयोग कर चुकी है और उत्तराखंड में भी इसी फार्मूले को अपनाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।विधायकों के रिपोर्ट कार्ड की चर्चा के बाद कई जनप्रतिनिधियों की सक्रियता अचानक बढ़ गई है। कहीं जनसभाएं हो रही हैं तो कहीं विकास योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रमों की संख्या बढ़ गई है। क्षेत्रीय स्तर पर जनता की शिकायतों के निस्तारण के प्रयास भी तेज हुए हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले महीनों में भाजपा के भीतर टिकट को लेकर प्रतिस्पर्धा और तेज होगी।कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल भी भाजपा के इस आंतरिक मूल्यांकन पर नजर बनाए हुए हैं। उनका मानना है कि यदि भाजपा बड़ी संख्या में टिकट बदलती है तो इसका राजनीतिक असर कई सीटों पर देखने को मिल सकता है। वहीं भाजपा इसे संगठन की मजबूती और जीत की रणनीति का हिस्सा बता रही है।
June 27, 2026तस्करी में प्रयुक्त वाहन व 35 हजार की नगदी बरामद देहरादून। चंडीगढ़ से तस्करी कर उत्तराखण्ड लाई जा रही 120 पेटी अंग्रेजी शराब सहित पुलिस ने हरियाणा के तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त वाहन व 35 हजार रूपये की नगदी बरामद की गयी है।जानकारी के अनुसार बीते रोज कोतवाली विकासनगर पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में कुछ शराब तस्कर भारी मात्रा में चंडीगढ़ ब्रांड की शराब सहित आने वाले है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने क्षेत्र में चैकिंग अभियान चला दिया। इस दौरान पुलिस को पोंटा साहिब की ओर से एक संदिग्ध वाहन छोटा हाथी आता हुआ दिखायी दिया। पुलिस ने जब उसे रोककर चैक किया गया तो वाहन में सवार 3 व्यक्तियों द्वारा अपना नाम जय सिंह पुत्र जगत सिंह (चालक), अमित कुमार पुत्र रणवीर सिंह तथा मंजीत पुत्र जयवीर सिंह निवासी हरियाणा बताया। वाहन में परिवहन की जा रही सामग्री के विषय में जानकारी करने पर तीनो व्यक्ति घबरा गये तथा कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाये, जिस पर वाहन की तलाशी ली गई तो वाहन में से 120 पेटी 9 वन मेक व्हिस्की शराब बरामद हुई। जिस पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया गया। पूछताछ में उन्होने बताया कि पिछले कई वर्षों से चण्डीगढ के रहने वाले हरप्रीत के लिए अवैध शराब का काम करते हैं। शराब गाडी में कहां से लोड होनी है और कहां पर शराब की सप्लाई करनी है यह सब काम हरप्रीत के द्वारा ही हमें बताया जाता है। अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त वाहन छोटा हाथी को हमारे द्वारा 30 हजार रुपये में हरियाणा निवासी कृष्ण कुमार से लिया था। आरोपियों द्वारा यह भी बताया गया कि उक्त अवैध शराब को गन्तव्य तक पंहुचाने के लिए हरप्रीत हमें 30 हजार रुपये देता था। बहरहाल पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
June 27, 2026जो राम भक्त सड़कों पर ढोल पीट—पीट कर गाया करते थे कि जो राम को लाए हैं हम उनको लायेंगे? वह आज अयोध्या के राम मंदिर निर्माण में जमीनों की खरीद फरोख्त से लेकर दान और चंदे की करोड़ों करोड़ की चोरी की खबरों से हैरान परेशान हैं। उन्हें भरोसा ही नहीं हो रहा है कि उनकी आस्था के साथ कोई ऐसा खिलवाड़ भी कर सकता है। राम मंदिर निर्माण के आंदोलन में अपनी जान तक कुर्बान करने वाले उन कार सेवकों की आत्मा पर यह सब होते देखकर क्या गुजर रही होगी? हैरानी की बात यह है कि इस महा घोटाले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिन्होंने श्री राम मंदिर निर्माण के बाद प्राण प्रतिष्ठा की तथा मंदिर पर धर्म ध्वज भी खुद फहराने का काम किया वह अब एक शब्द भी बोलने को तैयार नहीं है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या क्षेत्र ट्रस्ट की जब सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जब सरकार ने ट्रस्ट गठन की घोषणा लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने 6 साल पहले की थी तो भाजपा के नेताओं ने मेज थपथपा कर खूब खुशियों का इजहार किया था लेकिन अब इन भाजपा नेताओं में से कोई भी इस पर बोलने को तैयार नहीं है। इस ट्रस्ट का गठन पीएमओ द्वारा किया ही नहीं गया था बल्कि इसकी संपूर्ण सुरक्षा की जिम्मेवारी भी पीएमओ के अधिकारियों को ही सौंपी गई थी। जिनके नाम अब इस महा घोटाले के आरोपियों में शामिल हैं। खास बात यह है कि बात चाहे ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और मिश्रा के इस्तीफे की हो या फिर आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की अथवा गिरफ्तारी की सभी जानकारियां सूत्रों के आधार पर बाहर आ रही है। भाजपा का कोई नेता या ट्रस्ट का कोई पदाधिकारी मीडिया को अपनी बात बताने का साहस तक नहीं जुटा पा रहा है। राम मंदिर के प्रति आस्था को अपनी राजनीति का आधार बनाकर सफलता की सीढ़ियां चढ़ने वाली भाजपा और उसके नेताओं को इस बात का बखूबी एहसास है कि यह मामला कितना संवेदनशील है और इसका कितना गंभीर प्रभाव या कहा जाए नुकसान भाजपा को होने वाला है। इन राम भक्तों को अब इस मुद्दे पर कड़ा इम्तिहान भी देना होगा कि उनके लिए मोदी भक्ति ज्यादा मायने रखती है या राम भक्ति। चौतरफा विवादों में गिरी भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब यह समझ ही नहीं आ रहा है कि इस मामले से कैसे निपटा जाए। भाजपा के साथ—साथ संघ भी अब इस घोटाले की लपेट में आ गया है। इम्तिहान तो मीडिया का भी हो रहा है जो इस महा घोटाले का सच आम आदमी तक न पहुंचे या कम से कम पहुंचे, के प्रयास में जुटा है। जिस हिंदुत्व और सनातन के कंधे पर सवार होकर सत्ता में हमेशा बने रहने का सपना देखने वालों के चेहरे आज उतरे हुए हैं। अब लोग कह रहे हैं कि जिन्होंने राम को भी नहीं छोड़ा वह भला किसको छोड़ेंगे। 12 साल बेदाग का दम्भ भरने वाले अब आए दिन होने वाले नए—नए घोटालोंं के खुलासों पर क्या कहेंगे? उन्हें भी समझ नहीं आ रहा है एक समय जो बात चौकीदार चोर है शुरू हुई थी वह वोट चोर और चुनाव चोर या सीट चोर से आगे बढ़ते हुए चंदा चोर और आस्था चोरी तक जा पहुंची है। इस राम मंदिर चोरी के मामले में आरोपियों का क्या होगा और धर्म को धंधा बनाने वाले तथा उस पर राजनीति करने वालों का क्या होगा? इसका जवाब समय ही देगा क्योंकि सत्ता तो मौन है।
June 27, 2026नैनीताल। प्रसिद्ध नैनीझील से लगातार दूसरे दिन एक शव मिलने से शहर में सनसनी फैल गई। आज सुबह झील में एक अधेड़ व्यक्ति का शव उतराता हुआ दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को झील से बाहर निकालकर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ऑल सेंट्स स्कूल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत महिंदर चौहान (लगभग 48—50 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों को सूचना देने के बाद वे मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 7ः22 बजे किसी व्यक्ति ने डायल 112 पर सूचना दी कि मल्लीताल स्थित एनसीसी ट्रेनिंग सेंटर और मां मायना देवी मंदिर के पास नैनीझील में एक शव तैरता हुआ दिखाई दे रहा है।सूचना मिलते ही एसएसआई दिनेश जोशी के नेतृत्व में मल्लीताल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को झील से बाहर निकाला। पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसकी जेब से 4,000 रुपये नकद बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की डूबने से मौत कुछ ही समय पहले हुई होगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बी.डी. पांडे अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। गौरतलब है कि शुक्रवार को भी नैनीझील से मल्लीताल के बड़ा बाजार निवासी 45 वर्षीय मनीष साह का शव बरामद हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मनीष साह ने कथित तौर पर अपनी बहन को वीडियो कॉल कर आत्महत्या करने की बात कही थी, जिसके बाद उनका शव झील से मिला था। अब लगातार दूसरे दिन नैनीझील से शव मिलने की घटना ने स्थानीय लोगों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।