गोपेश्वर। छिनका में हुए भूस्खलन से बंद हुए बद्रीनाथ हाईवे को आज सुबह आपदा प्रबन्धन टीमों द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद खोल दिया गया है। जिससे इस रूट पर लगभग 18 घंटो बाद आवाजाही शुरू हो गयी।
विदित हो कि बुधवार रात से हुई मुसलाधार बारिश के चलते बीती सुबह लगभग 9 बजकर 50 मिनट पर अचानक छिनका में पहाड़ी से तेजी से भूस्खलन हुआ। जिससे बद्रनाथ हाईवे पूरी तरह जाम हो गया था। हालांकि पुलिस प्रशासन द्वारा पहले ही इस मार्ग पर वाहनों को रोक दिया गया था जिससे किसी प्रकार की जनहानि तो नहीं हुई लेकिन सड़क के दोनो ओर लम्बा जाम लग गया। इस दौरान प्रशासन द्वारा हाईवे से मलबा हटाने का काम तेजी से किया गया और इस कार्य के लिए तीन जेसीबी मशीने लगायी गयी। जिन्होने कड़ी मशक्कत के बाद आज सुबह लगभग 3.30 बजे बद्रीनाथ हाईवे से पूरी तरह मलबा हटा लिया गया। जिसके बाद इस मार्ग पर अब आवाजाही शुरू हो गयी है।