Home News Posts उत्तराखंड अभी 3 दिन जारी रहेगी बर्बादी की बारिश व बर्फबारी

अभी 3 दिन जारी रहेगी बर्बादी की बारिश व बर्फबारी

0
766

सीएम ने दिए नुकसान के आकलन के निर्देश

किसानों को दिया जाएगा मुआवजा
यात्रा की तैयारियों पर सरकार की नजर

देहरादून। उत्तराखंड में आसमान से बरस रही आफत का अभी अंत होता नहीं दिख रहा है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार अभी 4 अप्रैल तक प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी तथा ओलावृष्टि की संभावना है। बीते 4 दिनों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और बर्फबारी के कारण जहां किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है वहीं फल और सब्जी की फसल भी चौपट हो गई है। चार धाम यात्रा की तैयारियों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा कृषि और आपदा प्रबंधन विभाग से हालिया स्थिति पर रिपोर्ट मांगी गई है तथा सभी जिलाधिकारियों से नुकसान का आकलन करने को कहा गया है।
राज्य में हो रही बेमौसम बारिश और बर्फबारी के कारण जहां पहाड़ों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है वही मैदानी क्षेत्रों में कृषि और बागवानी को भारी नुकसान हुआ है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि सभी चारों धामों में बर्फबारी के कारण यहां चल रही यात्रा की तैयारियां लगभग ठप हो चुकी हैं। केदारनाथ का पैदल मार्ग बर्फ से ढका हुआ है खास बात यह है कि जितनी बर्फ हटाई जाती है उससे कई गुना ज्यादा बर्फ हर रोज जमा हो जाती है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में बीते कई दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है तथा कई फीट बर्फ जमा हो चुकी है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी अगर सच होती है तो अभी तीन—चार दिन बर्फबारी होने से हालात और अधिक बिगड़ सकते हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में भीषण सर्दी के कारण यहां चल रहे काम लगभग ठप हो चुके हैं। जबकि अभी बहुत सारे काम होने बाकी हैं तथा यात्रा शुरू होने में अब महज 23—24 दिन ही शेष बचे हैं।
भारी बारिश और बर्फबारी के कारण पूरे प्रदेश में शीतलहर से लोग परेशान हैं। गेहूं तथा सरसों की फसलें बर्बाद हो गई है वहीं आम और लीची का बौर काला पड़ने लगा है। नदी नाले उफान पर है तो पहाड़ों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ है। रामनगर ढोडा नाले में आए उफान में एक यात्री बस वह गई जिसमें सवार 27 लोगों की जान मुश्किल से बच सकी वहीं कालू सिद्ध के पास चार मजदूर नदी में फस गए जिन्हें बमुश्किल रेस्क्यू कर निकाला गया। बागेश्वर के रीमा में आसमानी बिजली से एक 10 वर्षीय लड़की घायल हो गई। इस आपदा का प्रभाव बिजली व पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ा है। उधर पिथौरागढ़ के ब्यास व दारमा में भारी बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हुआ है। हरिद्वार, उधमसिंह नगर व नैनीताल में भारी बारिश व ओलावृष्टि से फसलें 50 फीसदी तक खराब हो चुकी हैं अगर आगे भी बारिश जारी रहती है तो यह नुकसान और अधिक बढ़ सकता है।


यात्रा मार्गों पर खुलेंगे 50 हेल्थ एटीएम
देहरादून। स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार चार धाम यात्रा मार्गों पर 50 स्वास्थ्य एटीएम खोले जाएंगे।
उनका कहना है कि इन एटीएम में कोई यात्री जरूरत पड़ने पर अपनी स्वास्थ्य जांच करा सकता है सामान्य जांच की व्यवस्था के अलावा डॉक्टरों की एक टीम द्वारा प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी उपलब्ध होगी अगर यह प्रयोग सफल रहा तो इसे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here