Home News Posts World बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के 25 जवान ढेर

बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के 25 जवान ढेर

0
33

इस्लामाबाद। अशांत बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तानी फौज को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा है। गुरुवार को घात लगाकर बैठे बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के लड़ाकों ने सेना के एक बड़े काफिले पर भीषण हमला बोल दिया। इस ताबड़तोड़ हमले में पाकिस्तानी सेना के 25 जवानों के मारे जाने का दावा किया गया है, जबकि दो सैन्य वाहन पूरी तरह खाक हो गए हैं। इस खूनी वारदात की पूरी जिम्मेदारी बीएलए ने लेते हुए घटनास्थल का सनसनीखेज वीडियो फुटेज भी सार्वजनिक कर दिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, बीएलए प्रवक्ता ने बताया कि उनके लड़ाकों ने जियारत क्रॉस के पास से गुजर रहे सैन्य काफिले को चारों तरफ से घेरकर निशाना बनाया। भारी हथियारों से लैस लड़ाकों ने सेना के वाहनों पर अंधाधुंध फायरिंग की और विस्फोटकों से हमला किया। हमले में सेना का एक भारी ट्रक और अन्य वाहन आग की लपटों में घिरकर पूरी तरह जल गए। संगठन ने शुरुआत में 18 सैनिकों के मारे जाने की बात कही थी, लेकिन बाद में पुष्टि करते हुए यह आंकड़ा 25 बताया।
इस दुस्साहसिक हमले के बाद बीएलए ने अपने आधिकारिक मीडिया चैनल हक्कल पर हमले से जुड़ा 1 मिनट 11 सेकंड का एक वीडियो ट्रेलर जारी कर दिया है। जारी फुटेज में हथियारबंद लड़ाके धू-धू कर जलती पाकिस्तानी सैन्य गाडिय़ों के इर्द-गिर्द घूमते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में चारों ओर सैनिकों के शव बिखरे पड़े नजर आ रहे हैं और लड़ाके फौज के आधुनिक हथियारों और गोला-बारूद को अपने कब्जे में लेते दिख रहे हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि इस पूरे ऑपरेशन का विस्तृत वीडियो भी जल्द जारी किया जाएगा।
जियारत क्रॉस के अलावा बलूचिस्तान के सुराब स्थित हाजिका इलाके में भी एक और बड़ा हमला अंजाम दिया गया। बीएलए के मुताबिक, उनके स्पेशल टैक्टिकल ऑपरेशन्स स्क्वाड ने रिमोट कंट्रोल की मदद से विस्फोटकों से लदी एक गाड़ी में जबर्दस्त धमाका कर सेना के एक अन्य वाहन को हवा में उड़ा दिया। इस दूसरे हमले में भी पाकिस्तानी सेना के सात जवान मौके पर ही मारे गए। बैक-टू-बैक हुए इन हमलों के बाद पूरे इलाके में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों में भारी हड़कंप मचा हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here