उधमसिंहनगर। अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। देर रात हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 देशी तमंचे, 8 कारतूस, 4 खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जानकारी देकर बताया कि देर रात हथियारों की तस्करी की एक सूचना के बाद एसओजी रुद्रपुर और थाना दिनेशपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में चैकिंग अभियान चलााय जा रहा है। इस दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध आते हुए दिखायी दिये। पुलिस ने जब उन्हे रूकने का इशारा किया तो उन्होने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल गिराकर गन्ने के खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मनोज कुमार घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी के दौरान पुलिस को सात देशी तमंचे .315 बोर और एक तमंचा .32 बोर का मिला। इसके अलावा .315 बोर के आठ जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। पूछताछ में हथियारों की खरीद—फरोख्त से जुड़े अहम तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिसौली निवासी महावीर नाम के व्यक्ति से तमंचे लेकर आए थे। उनकी योजना प्रत्येक तमंचे को 5,000 रूपये में खरीदकर 8,000 में बेचने की थी। पूछताछ में रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी बंटी कोली के संपर्क में होने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, बंटी कोली फिलहाल जेल में बंद है। अब पुलिस अवैध हथियारों की सप्लाई चेन, संभावित खरीदारों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार, उम्र 22 वर्ष, पुत्र राजेन्द्र कुमार और अनमोल यादव, उम्र 20 वर्ष, पुत्र सुंदर पाल के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चंदायन के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, मनोज कुमार का पूर्व आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ ट्रांजिट कैंप कोतवाली में पहले से मामला दर्ज है।





