मुंबई। सोशल मीडिया पर डी-मार्ट के नाम से चल रहे फर्जी विज्ञापन के झांसे में आकर एक्टर गजेंद्र चौहान ने 98 हजार रुपये गंवा दिए। महाभारत सीरियल में धर्मराज युधिष्ठिर कि भूमिका निभाने वाले गजेंद्र चौहान ने पुलिस को शिकायत दी है, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और चंद घंटों में ही एक्टर को उनके पैसे वापस दिला दिए। एक्टर गजेंद्र चौहान लोखंडवाला के अंधेरी पश्चिम में रहते हैं और उनका एचडीएफसी बैंक में खाता है। 10 दिसंबर को फेसबुक देखते समय उन्हें डी-मार्ट पर ड्राइफ्रूट बेहद सस्ते दामों में उपलब्ध होने का विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन के ऑर्डर लिंक पर क्लिक करते ही उनके मोबाइल पर एक ओटीपी आया। ओटीपी दर्ज करने के कुछ ही समय बाद उनके बैंक खाते से 98000 रुपये कटने का मैसेज प्राप्त हुआ। बैंक मैसेज देखकर उन्हें तुरंत अहसास हुआ कि डी-मार्ट के नाम पर चल रहा यह विज्ञापन फर्जी है और उनके साथ ऑनलाइन ठगी हुई है। इसके बाद उन्होंने तत्काल ओशिवरा पुलिस स्टेशन पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बिना समय गंवाए एचडीएफसी बैंक, रोजारपे और क्रोमा के नोडल अधिकारियों से संपर्क करके ईमेल और पत्राचार के जरिए राशि को होल्ड करवाया। त्वरित कार्रवाई के चलते पीड़ित से ठगी गई पूरी 98000 रुपये की राशि वापस करा दी गई।




