Home News Posts उत्तराखंड यूट्यूबर यूके 07 राइडर अनुराग डोभाल गिरफ्तार

यूट्यूबर यूके 07 राइडर अनुराग डोभाल गिरफ्तार

0
27

देहरादून। बिग बॉस फेम और चर्चित यूट्यूबर यूके 07 राइडर अनुराग डोभाल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। पुलिस ने मारपीट, धमकी और जान से मारने की कोशिश के आरोप में अनुराग डोभाल को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को आज सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।
मामला अनुराग डोभाल के रिश्तेदार राज सिंह चौहान की शिकायत से जुड़ा है। राज सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में अनुराग डोभाल और उनके साथियों पर मारपीट करने, जान से मारने की कोशिश करने और धमकी देने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, 5 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे अनुराग डोभाल कुछ युवकों के साथ राज सिंह से मिलने पहुंचे थे। राज सिंह के मुताबिक, वह उस समय एक कार कंपनी के शोरूम में काम में व्यस्त थे, इसलिए उन्होंने बाद में मिलने की बात कही। इसके बाद रात करीब आठ बजे वह एक कैफे पहुंचे, जहां अनुराग डोभाल और उनके कुछ साथी कार में मौजूद थे। राज सिंह का आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। उन्होंने पुलिस को बताया कि इसी दौरान अनुराग डोभाल ने उन्हें धमकाया और कथित तौर पर अपने प्रभाव का हवाला दिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसका गला दबाने और मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया गया। आरोप है कि इसके बाद साथियों को उसे जान से मारने के लिए कहा गया। थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी देवेंद्र चौहान के मुताबिक, राज सिंह चौहान की शिकायत के आधार पर अनुराग डोभाल समेत अभय चौधरी, तपन पंडित, धवल राजपुरोहित, अभिषेक टाइगर, अभिनव श्रीवास्तव और गुरु भाई समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में अनुराग डोभाल समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अनुराग डोभाल की गिरफ्तारी धारा 151 के तहत की गई है। अब पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों को सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here