लक्सर। लक्सर—पुरकाजी रोड पर देर रात स्कॉर्पियो और मिटृी से भरे डंपर की आमने—सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले का एक परिवार स्कॉर्पियो से लक्सर की श्रीराम कॉलोनी में अपने रिश्तेदार के घर आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने आया था। परिवार के सात सदस्य समारोह में शामिल होने के बाद देर रात वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। इसी दौरान लक्सर—पुरकाजी रोड पर भ्ौंसली वाला गांव के पास उनकी स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत—बचाव कार्य शुरू कराया। बताया गया कि स्कॉर्पियो में सवार 50 वर्षीय आदेश, उनकी 35 वर्षीय बहन निशा, 37 वर्षीय बहन राखी और आदेश की 12 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में आदेश की पत्नी, उनकी बुजुर्ग मां और छह वर्षीय छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मुजफ्फरनगर के जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि लक्सर—पुरकाजी रोड पर मिटृी से भरे डंपर तेज रफ्तार में दौड़ते हैं, जिससे सड़क पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से डंपरों की रफ्तार और संचालन की निगरानी बढ़ाने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।





