हरिद्वार। अज्ञात हमलावरों ने देर रात ग्रामीण की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला खानपुर थाना क्षेत्र के हस्त मौली का है। यहंा बीती रात अज्ञात हमलावरों ने एक ग्रामीण को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। यह वारदात रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है, जब गांव के अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। मृतक की पहचान गांव के ही मलखान उर्फ मल्खराज पुत्र महेंद्र के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्हें दो गोलियां मारी गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो—रो कर बुरा हाल हो गया है।
सूचना मिलते ही खानपुर थाना प्रभारी रविंद्र शाह व चौकी प्रभारी समीप पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया, “हमें रात करीब तीन बजे सूचना मिली कि गांव हस्त मौली में एक व्यक्ति को गोली मारी गई है। तथा वह तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मृतक को दो गोलियां लगी हैं। फिलहाल अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रारंभ कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा बताया कि पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे हत्यारों का कोई सुराग मिल सके। इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल है। परिजन और ग्रामीण प्रशासन से जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।



