हरिद्वार। सत्यापन अभियान के तहत चलायी जा रही चैकिंग के दौरान पुलिस के हाथो खासी सफलता लगी है। पुलिस ने एक वाहन चोर को दबोच कर उसके पास से चुरायी गयी तीन बाइक बरामद की है।
जानकारी के अनुसार बीते रोज सत्यापन अभियान के तहत झबरेड़ा थाना पुलिस द्वारा क्षेत्र में चैकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस को मानकपुर गांव को जाने वाली रोड़ पर बाइक सवार एक संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखायी दिया। पुलिस ने जब उसे रोकना चाहा तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। इस पर उसे घेर कर दबोचा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक पुत्र ललित उर्फ मन्नू निवासी खेड़ा मूगल थाना देवबन्द जिला सहारनपुर उ.प्र. हाल निवासी लाठरदेवा हूण थाना झबरेड़ा जनपद हरिद्वार बताया। वाहन के सम्बन्ध में जब उससे पूछा गया तो वह पुलिस से इधर उधर की बात कर टहलाने का प्रयास करने लगा। सख्ती से की गयी पूछताछ में उसने कबूल किया कि यह बाइक उसके द्वारा झबरेड़ा क्षेत्र से ही चुरायी गयी थी। पुलिस द्वारा उसकी निशानदेही पर चोरी की गयी दो अन्य बाइक भी बरामद की गयी है। बहरहाल पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।




