तीर्थपुरोहितों ने मंत्री आवास के बाहर किया हंगामा

0
644

धरना प्रदर्शन कर देवस्थानम बोर्ड वापस लेने की मांग की
कैबिनेट मंत्री ने की 30 नवंबर तक इंतजार करने की अपील

देहरादून। चारधाम यात्रा की समाप्ति के बाद अब तीर्थ पुरोहितों ने उत्तरखंड चारधाम देवस्थानम बोर्ड का विरोध तेज कर दिया है। आज तीर्थपुरोहितों ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और बिशन सिंह चुफाल के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। इसके साथ ही तीर्थपुरोहितों ने 27 नवंबर को आक्रोश रैली निकालने का ऐलान भी किया है।
चारधाम देवस्थानाम बोर्ड को लेकर तीर्थपुरोहित, हकहकूकधारी अब तक चारों धामों में ही आंदोलन कर रहे थे। यात्रा जारी होने के कारण वे धामों से अपना विरोध दर्ज कराने के लिए आवाज उठा रहे थे। अब यात्रा समाप्ति के बाद तीर्थ पुरोहितों ने राजधानी का रूख कर लिया है और आज कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के आवास के बाहर धरना प्रदर्शन कर देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग की। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों ने मंत्री आवास के बाहर योगासन भी किए।

तीर्थपुरोहितों ने जब मंत्री सुबोध उनियाल के आवास के बाहर धरना शुरू किया तो मंत्री सुबोध उनियाल उनको मनाने बाहर आए। शासकीय प्रवक्ता कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने तीर्थ पुरोहितों से अपील की है कि वह 30 नवंबर तक का इंतजार करें और सरकार उसके बाद कोई बड़ा फैसला करेगी जो तीर्थ पुरोहितों के लिए सकारात्मक निर्णय के रूप में देखा जाएगा। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि पहले भी तीर्थ पुरोहितों से 30 नवंबर तक इंतजार करने को कहा गया था और अभी 30 नवंबर पूरा होने में काफी समय बचा हुआ है।
तीर्थ पुरोहितों का कहना है कि सरकार अपने तय वायदे को भूल रही है देवस्थानम बोर्ड की व्यवस्था को सरकार वापस करे। आपको बता दें कि चारधाम तीर्थ पुरोहित हकहकूकधारी महापंचायत की बैठक देहरादून में की गयी थी। जिसमें चारों धामों से जुड़ी पंचायत एवं मंदिर समिति से जुड़े पदाधिकारियों ने शिरकत की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि आगामी 27 नवंबर को चारों धामों के तीर्थ पुरोहित काला दिवस के रूप में मनाएंगे।
उल्लेखनीय है कि 27 नवंबर 2019 को राज्य कैबिनेट से श्राइन बोर्ड का प्रस्ताव पारित किया गया था। इसी विरोध में चारों धामों के तीर्थ पुरोहित एवं हकहकूकधारी काला दिन के रूप में मना कर अपना विरोध जताएंगे। 27 नवंबर को गांधी पार्क से सचिवालय तक आक्रोश रैली निकाल कर अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे।
वहीं दूसरी ओर तीर्थ पुरोहितों ने देवस्थानम बोर्ड के मामले को लेकर कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल से भी मुलाकात की। जिस पर मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने भी पुरोहितों को उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here