Home News Posts उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलायी

पुलिस महानिदेशक ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलायी

0
23

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस—2026 के अवसर पर पुलिस मुख्यालय, उत्तराखण्ड देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में दीपम सेठ, पुलिस  महानिदेशक, उत्तराखण्ड ने ध्वजारोहण कर सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इसके उपरान्त पुलिस महानिदेशक महोदय ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर चयनित पुलिस कर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ’गोल्ड’ एवं पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ’सिल्वर’ एवं “पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सभी को बधाई दी। अपने सम्बोधन में पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड ने कहा साथियों, स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर मैं आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ। आज का यह दिन हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर आजादी के नायकों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करने का अवसर देता है, जिनके त्याग, साहस और बलिदान के कारण आज हम एक स्वतंत्र राष्ट्र के नागरिक हैं। साथियों, राष्ट्र की एकता और अखंडता, संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। इस दायित्व के निर्वहन में हमारे पुलिसकर्मी सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे हैं।
आज पदक एवं सम्मान—चिह्न प्राप्त करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मैं पूरे पुलिस परिवार की ओर से हार्दिक बधाई देता हूँ। मुझे गर्व है कि उत्तराखण्ड पुलिस ने प्रत्येक क्षेत्र में अपनी पेशेवर दक्षता और कार्यकुशलता का परिचय दिया है। प्रधानमंत्री के रोड शो में सुरक्षा प्रबन्धन की कड़ी चुनौती से लेकर केंद्रीय गृह मंत्री की उपस्थिति में आयोजित पांच दिवसीय न्याय संहिता प्रदर्शनी के सफल आयोजन तक, पुलिस ने अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन किया है।
विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले में करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर समन्वय के साथ संभालते हुए हमने सुरक्षा, सेवा और आस्था तीनों के बीच संतुलन बनाए रखा। उत्तराखण्ड पुलिस की हर सफलता के पीछे आपके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण की कहानी है। मैं आप सभी के जज्बे की सराहना करता हूँ। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हम सभी इसी निष्ठा, साहस और कर्तव्यपरायणता के साथ उत्तराखण्ड की शांति, सुरक्षा और कानून—व्यवस्था को और मजबूत करते हुए प्रदेशवासियों की सेवा करते रहेंगे। इस अवसर पर वी. मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, ए पी अंशुमान, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन सहित समस्त पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण सहित पुलिस मुख्यालय के समस्त अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here