नैनीताल। पांच दिन से लापता महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल से बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बीते 26 मार्च को नवाबी रोड स्थित अपने घर से संदिग्ध हालातों में लापता हुई महिला का शव कालीचौड़ के जंगल में बरामद हुआ है। पुलिस ने मृतका की पहचान 38 वर्षीय नेहा उप्रेती के रूप में की है। बताया जा रहा है कि उप्रेती सदन, नवाबी रोड, एस्सार पेट्रोल पंप के पास रहने वाली नेहा उप्रेती बीते 26 मार्च को अपने घर से संदिग्ध हालातों में लापता हो गई थी। वह अपने बहन के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी, जिसके बाद वापस नहीं लौटी थी। काफी ढूंढने के बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी स्थानीय कोतवाली में करवा दी थी। दर्ज रिपोर्ट में बताया गया था कि वह मानसिक रूप से भी कुछ अस्वस्थ है। आज सुबह कुछ लोगों ने एक शव जंगल में देखा। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काठगोदाम थाना प्रभारी दीपक बिष्ट ने मामले की जांच की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




