कई दिनों से हरिद्वार—ऋषिकेश में पड़े हैं यात्री
हरिद्वार/ऋषिकेश। देव दर्शन की अभिलाषा लेकर देश के कोने—कोने से आए हजारों हजार चारधाम यात्री रजिस्ट्रेशन बंद होने से परेशान हैं। अब इन यात्रियों को यह समझ नहीं आ रहा है कि वह करे तो क्या करें?
सरकार द्वारा बिना रजिस्ट्रेशन चार धाम यात्रा पर बैन लगा दिया गया है। जो लोग ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं वही यात्रा पर जा रहे हैं। जो लोग यह सोच कर आए थे कि उत्तराखंड जाकर ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन करा लेंगे अब वह यात्री भारी संकट में फंसे हुए हैं। क्योंकि हरिद्वार और ऋषिकेश में बीते कई दिनों से रजिस्ट्रेशन बंद हैं और यात्री रजिस्ट्रेशन की प्रतीक्षा कर रहे हैं इन यात्रियों का कहना है कि यात्रा पर आने से पहले उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं थी हमेशा की तरह उनकी यही सोच थी कि घंटे—दो घंटे में रजिस्ट्रेशन हो जाएगा और वह यात्रा पर चले जाएंगे। इन यात्रियों की मुश्किल यह भी है कि इन्हें कोई यह बताने वाला अधिकारी या कर्मचारी भी उपलब्ध नहीं है कि जो यह बता सकें की रजिस्ट्रेशन कब शुरू होंगे। इनमें से कुछ यात्री तो ऐसे भी हैं जो कई कई दिनों से यहां डेरा जमाए हुए हैं। उनका कहना है कि जब घर से यात्रा पर निकले हैं तो अब बिना दर्शन किए घर कैसे लौट जाए? इसलिए इंतजार कर रहे हैं। कुछ यात्री इसलिए भी परेशान हैं क्योंकि एक ही पड़ाव पर रुके रहने से उनका यात्रा खर्च भी बढ़ता जा रहा है।
यात्रियों का कहना है कि सरकार अगर हमें सभी धामों की यात्रा नहीं करा सकती है तो एक ही धाम की यात्रा पर जाने दें। उनका कहना है कि हम आखिर कब तक यहां पड़े रहेंगे? कुछ का कहना है कि एक—दो दिन और इंतजार करते हैं रजिस्ट्रेशन नहीं होगा तो वापस लौटना ही विकल्प है। उधर धामों से लौटने वाले यात्रियों को भी वाहन उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।