जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में ‘राजपूत करणी सेना’ के प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि मिनी पंजाब नामक होटल के पास स्थित एक गली में विनय जब घुस रहे थे, इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। विनय के सिर में गोली लगी थी। हत्या के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया और हाईवे जाम कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
विनय सिंह उलीडीह थाना क्षेत्र के आस्था स्पेस टाउन के निवासी थे। वह जमीन से जुड़े काम के सिलसिले में बालीगुमा आए थे। जानकारी के मुताबिक जैसे ही वह एक गली में पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। उनका करीब 500 मीटर दूर एक कच्ची सड़क पर झाड़ियों में मिला। उनके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे, जो शव को घसीटने की वजह से बने प्रतीत हो रहे थे।
पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस ने उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विनय के हाथ में एक पिस्टल मिली थी जिससे शुरुआत में लोग उसे आत्महत्या मान रहे थे। हालांकि बाद में हत्या के एंगल को लेकर जांच शुरू हो गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की तलाश जारी है।




