Home ताजा ख़बर चुनाव आयोग के दफ्तर के पास धरने पर बैठे राहुल गांधी

चुनाव आयोग के दफ्तर के पास धरने पर बैठे राहुल गांधी

0
41

नई दिल्ली। नए वोटर रजिस्ट्रेशन से जुड़े ‘फॉर्म 6’ में बदलाव के विवाद को लेकर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने मंगलवार को चुनाव आयोग के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद भवन के मकर द्वार से चुनाव आयोग मुख्यालय तक निकाले जा रहे विपक्षी सांसदों के मार्च को पुलिस ने बीच में ही रोक दिया। पुलिस द्वारा रास्ता रोके जाने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सुरक्षा बैरिकेड पर चढ़कर तिरंगा लहराया। इसके बाद वह अन्य नेताओं के साथ चुनाव आयोग के दफ्तर के पास ही धरने पर बैठ गए। मकर द्वार से शुरू हुआ मार्च जैसे ही आगे बढ़ा, दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर नेताओं को रोक दिया। प्रदर्शन को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वज्र वाहन तैनात किए गए थे और ड्रोन के जरिए पूरे इलाके की निगरानी की जा रही थी।
इस बीच एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम यह रहा कि आम आदमी पार्टी ने इस पूरे विरोध प्रदर्शन से दूरी बनाए रखी और गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद पार्टी का कोई नेता मार्च में शामिल नहीं हुआ। फॉर्म 6 में बदलाव और सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी से भड़का विवाद विपक्ष के इस प्रदर्शन के केंद्र में चुनाव आयोग का वह ‘फॉर्म 6’ है, जिसका इस्तेमाल नए वोटर्स के रजिस्ट्रेशन के लिए किया जाता है। विपक्षी दलों का आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया के दौरान फॉर्म 6 में अपनी मर्जी से बदलाव किए हैं।
यह राजनीतिक विवाद सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की एक टिप्पणी के बाद और गहरा गया। शीर्ष अदालत ने सुनवाई के दौरान स्पष्ट किया था कि उसने फॉर्म 6 में किसी भी तरह के बदलाव को कोई मंजूरी नहीं दी है। इसी टिप्पणी को आधार बनाकर विपक्ष ने चुनाव आयोग के खिलाफ आक्रामक रुख अपना लिया है। मार्च में शामिल विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने फॉर्म 6 के मामले में देश को गुमराह किया है। नेताओं के मुताबिक, उनके नेतृत्व में चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर से जनता का भरोसा पूरी तरह उठ गया है, जिसके चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। धरने का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी ने प्रदर्शन के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका यह कदम एक ‘स्वच्छ और शुद्ध’ मतदाता सूची सुनिश्चित करने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here