चंपावत क्षेत्र के 15 हजार वोटर है दिल्ली में
दिल्ली/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज अपने दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली रवाना हो गए हैं। अपने दिल्ली दौरे के दौरान वह जहां कई केंद्रीय मंत्रियों से मिलेंगे वहीं आज भाजपा मुख्यालय में प्रवासी उत्तराखंड वासियों को भी संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का यह दिल्ली दौरा चंपावत उपचुनाव के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा आज भाजपा मुख्यालय में प्रवासी उत्तराखंडियों को संबोधित किया जाएग जो उपचुनाव में मतदाताओं को आकर्षित करने में अहम भूमिका निभाएगा। दिल्ली में लाखों की संख्या में उत्तराखंड के लोग रहते हैं। एक अनुमान के मुताबिक सीएम पुष्कर सिंह धामी जिस चंपावत सीट से चुनाव लड़ रहे हैं यहां के 15 हजार मतदाता दिल्ली में रहते हैं। जो दिल्ली में विभिन्न संस्थानों में नौकरी करते हैं।
भाजपा के लिए इस चुनाव में हर एक वोट की बड़ी अहमियत है। भले ही भाजपा को इस सीट पर अपनी जीत का पूरा भरोसा हो लेकिन वह इस चुनाव को बड़े अंतर से जीतना चाहती है। चंपावत क्षेत्र के इन मतदाताओं को दिल्ली से कैसे मतदान के लिए लाया जाए इसी रणनीति के तहत भाजपा द्वारा आज यह सीएम का संबोधन कार्यक्रम रखा गया है।
उधर उनका इस दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री अजय भटृ से भी मिलने का कार्यक्रम है जिसमें उपचुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी। अजय भटृ जो पहले राज्य संगठन की कमान संभाल चुके हैं तथा चंपावत जो अजय भटृ के चुनाव क्षेत्र से सटा हुआ है उनकी राय इस चुनाव में काफी लाभकारी हो सकती है। सीएम दिल्ली से लौटने के बाद अपना पूरा समय चंपावत चुनाव प्रचार को देने वाले हैं क्योंकि अब चुनाव में अधिक समय नहीं बचा है। 31 को मतदान होना है और 29 तक ही चुनाव प्रचार होगा।