गलत नियत से आरोपियों के डेरे में घुस जाने को लेकर की गयी थी हत्या
उत्तरकाशी। खरसाड़ी गांव के व्यक्ति की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने नेपाली मूल के दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की यह वारदात मृतक द्वारा आरोपियों के डेरे में गलत नियत से घुस जाने के बाद अंजाम दी गयी थी।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी अर्पण यदुवंशी ने हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 26 जुलाई को श्रीमती प्यारी देवी निवासी खरसाडी मोरी द्वारा थाना मोरी पर तहरीर देकर बताया गया था कि उनका पति गिरवीर सिंह 24 जुलाई को अपने खेतों की देखभाल हेतु पोल्हाडी नामक तोक गया था, उसी दौरान सुधीर चड्ढा एण्ड कम्पनी के कर्मचारियों द्वारा उनके पति के साथ मारपीट कर उसकी हत्या की गयी व मृत शरीर को पास में केदार गंगा नदी में फेंक दिया गया, जिनका शव उनके द्वारा 25 जुलाई को केदार गंगा नामक गदेरे से बरामद किया गया। तहरीर के अधार पर पुलिस पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। जांच में जुटी पुलिस व एसओजी टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद हत्या की घटना को अंजाम देने वाले नेपाली मूल के 2 लोगों वीर बहादुर व प्रेम बहादुर बीती शाम गिरफ्तार कर लिया गया है। जिन्होने पूछताछ में बताया कि मृतक गिरवीर 24 जुलाई को खरसाडी के पोल्हाडी तोक स्थित उनके डेरे में गलत नियत से जबरन घुस गया था, जिससे उनके बीच मारपीट हो गयी, मारपीट के दौरान गिरवीर डेरे से भाग गया, करीब 200 मीटर के भागने के बाद वीर बहादुर व प्रेम बहादुर पीछा करते हुये खरसाडी पुल के पास उक्त व्यक्ति को पकड़कर उसके सिर पर चीड़ की फाड़ी हुयी लकड़ी से वार किया, जिससे वह बेहोश होकर नीचे गिर गया था, उन्हे लगा कि यदि यह जिन्दा बच गया तो गांव वालो को बता देगा इसलिये उन्होने उसे पुल से नीचे केदारगंगा में फेक दिया गया। तथा साक्ष्य मिटाने के लिये उनके द्वारा उसके शरीर से कपडे उतारकर, कपडे, मोबाईल और जिस लकड़ी से मारा था, को केदारगंगा में फेक दिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस द्वारा मृतक गिरवीर सिंह द्वारा घटना के दौरान पहनी पैन्ट को खरसाडी पुल के नीचे से बरामद किया गया है। जिसके बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।




