- कांग्रेस को बीच चुनाव लगा बड़ा झटका
देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा जोशी ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता तथा सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। अपनी उपेक्षा से आहत जोशी ने आज ही भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण कर ली है।
पिथौरागढ़ से अपनी पत्नी को मेयर का टिकट न दिए जाने से नाराज मथुरा दत्त जोशी का कहना है कि उन्होंने अपना पूरा जीवन कांग्रेस को समर्पित कर दिया लेकिन कांग्रेस ने उनकी निष्ठा और मेहनत का कोई शिला नहीं दिया। बीते 48 सालों से वह कांग्रेस की सेवा कर रहे हैं। लेकिन उन्हे एक मेयर का टिकट भी नहीं मिल सकता तो उनके पार्टी में बने रहने का क्या औचित्य रहस्य जाता है। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी खुद सक्रिय राजनीति में रही है। कांग्रेस ने जिसे मेयर का टिकट दिया है उसके बारे में सभी लोग जानते हैं कि वह किस तरह की प्रत्याशी है।
जोशी ने आज ही अपना इस्तीफा राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को भेजा है। हालांकि वह प्रत्याशियों के नाम की सूची जारी होने के समय से ही नाराज थे उनकी नाराजगी को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा खुद उनके घर भी गए थे तथा उनके मान मनोव्वल की कोशिशें भी की गई थी ऐसा लग रहा था कि शायद वह मान भी गए थे लेकिन आज उनके इस्तीफे की खबर आने के बाद यह साफ हो गया है कि जोशी अपनी उपेक्षा से इतने आहत थे कि उन्होंने कांग्रेस का साथ छोड़ने का रास्ता चुना।
यह हैरान करने वाला ही है कि मथुरा दत्त जोशी जिनके हस्ताक्षर से प्रत्याशियों की सूची जारी की जा रही थी वह खुद कांग्रेस का हाथ छोड़कर चले गए वहीं दूसरी ओर पिथौरागढ़ से विधायक मयूख महर भी कांग्रेस से बगावत का झंडा बुलंद कर चुके हैं। तथा कांग्रेस प्रत्याशी अंजू लूंठी के खिलाफ अपने निर्दलीय प्रत्याशी को चुनाव जिताने का ऐलान कर चुके हैं। जोशी जो अब भाजपा के साथ चले गए हैं उससे भले ही भाजपा को कुछ फायदा हो न हो कांग्रेस के लिए यह बड़ा झटका जरूर है।





